Screenshots and Image Quality: आजकल लगभग हर स्मार्टफोन यूजर रोज़ स्क्रीनशॉट लेता है,चैट सेव करने के लिए, पेमेंट रसीद रखने के लिए या सोशल मीडिया पोस्ट सेव करने के लिए। लेकिन कई लोगों ने नोटिस किया होगा कि स्क्रीनशॉट की क्वालिटी असली फोटो जैसी साफ नहीं रहती। खासकर जब उसे बार-बार शेयर या ज़ूम किया जाता है, तो वह धुंधली लगने लगती है।
स्क्रीनशॉट असली फोटो क्यों नहीं होता?
स्क्रीनशॉट लेते समय आपका फोन या लैपटॉप असली इमेज फाइल को सेव नहीं करता। वह सिर्फ स्क्रीन पर जो पिक्सल दिख रहे होते हैं, उन्हीं को कैप्चर करता है।यानी अगर कोई फोटो पहले से ही किसी ऐप या वेबसाइट पर थोड़ी कंप्रेस (compress) होकर दिखाई दे रही है, तो स्क्रीनशॉट उसी कम क्वालिटी वाले वर्जन का बनता है। इसलिए वह ओरिजिनल फोटो जितना शार्प नहीं होता।
रेजोल्यूशन लॉस सबसे बड़ा कारण
हर स्क्रीन की एक सीमित रेजोल्यूशन होती है। जब आप हाई-क्वालिटी फोटो को स्क्रीन पर देखते हैं, तो डिवाइस उसे स्क्रीन के हिसाब से एडजस्ट कर देता है।स्क्रीनशॉट लेते ही वही सीमित पिक्सल सेव हो जाते हैं। बाद में जब आप इमेज को ज़ूम करते हैं, तो पिक्सल टूटे हुए और धुंधले दिखाई देने लगते हैं।
फाइल कंप्रेशन भी करता है असर
स्क्रीनशॉट आमतौर पर PNG या JPEG फॉर्मेट में सेव होते हैं। कई बार मोबाइल या ऐप्स स्टोरेज बचाने के लिए इन्हें और कंप्रेस कर देते हैं।इस कंप्रेशन की वजह से फोटो में छोटे-छोटे डिटेल्स गायब हो जाते हैं। टेक्स्ट, चेहरे और आइकन अक्सर ब्लर दिखने लगते हैं।
बार-बार शेयर करने से और खराब होती है क्वालिटी
WhatsApp, Instagram या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फोटो भेजते समय भी उसे अपने आप कंप्रेस कर दिया जाता है।हर बार फॉरवर्ड करने पर क्वालिटी थोड़ी और कम होती जाती है। यही वजह है कि कई बार डॉक्यूमेंट या रसीद पढ़ना मुश्किल हो जाता है।
कैसे बचाएं फोटो की क्वालिटी?
अगर आप चाहते हैं कि आपकी इमेज साफ और शार्प रहे, तो कुछ आसान बातें अपनाएं…जहां संभव हो, स्क्रीनशॉट की जगह ओरिजिनल फोटो डाउनलोड करें,WhatsApp में HD या High Quality सेटिंग ऑन रखें,बार-बार फॉरवर्ड करने से बचें,जरूरत से ज्यादा क्रॉपिंग न करें,डायरेक्ट फाइल शेयर करने का विकल्प इस्तेमाल करें। अगर आपको साफ और हाई-क्वालिटी फोटो चाहिए, तो हमेशा ओरिजिनल सोर्स का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है।
