India Travel: भारत में कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, इतिहास और संस्कृति के लिए जानी जाती हैं। लेकिन कुछ पर्यटन स्थल ऐसे भी हैं, जिन्हें असली पहचान बॉलीवुड फिल्मों से मिली। बड़े पर्दे पर इन जगहों की शानदार झलक देखने के बाद लाखों लोग इन्हें अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल करने लगे। आज ये स्थान देश के सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट्स में गिने जाते हैं।
रोहतांग पास: ‘जब वी मेट’ ने बढ़ाई लोकप्रियता
हिमाचल प्रदेश का रोहतांग पास पहले भी खूबसूरत था, लेकिन फिल्म ‘जब वी मेट’ के मशहूर गाने ‘ये इश्क हाय’ के बाद इसकी लोकप्रियता कई गुना बढ़ गई। करीना कपूर और शाहिद कपूर पर फिल्माए गए बर्फीले नजारों ने लोगों का दिल जीत लिया। इसके बाद यहां घूमने आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती गई।
पैंगोंग लेक बनी लद्दाख की पहचान
अगर आपने ‘थ्री इडियट्स’ का क्लाइमैक्स देखा है, तो आपको पैंगोंग लेक जरूर याद होगी। फिल्म रिलीज होने के बाद यह झील लद्दाख की सबसे चर्चित पर्यटन स्थलों में शामिल हो गई। इसके अलावा ‘जब तक है जान’ और ‘दिल से’ जैसी फिल्मों की शूटिंग भी यहां हुई, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ी।
मरीन ड्राइव: मुंबई की सबसे आइकॉनिक लोकेशन
मुंबई की मरीन ड्राइव बॉलीवुड की पसंदीदा शूटिंग लोकेशन रही है। ‘दिल चाहता है’, ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’, ‘वेक अप सिड’ और ‘धूम 2’ जैसी फिल्मों ने इस जगह को खास पहचान दिलाई। आज मुंबई आने वाला लगभग हर पर्यटक यहां जरूर घूमने जाता है।
गुलमर्ग और उदयपुर की खूबसूरती ने जीता दिल
कश्मीर का गुलमर्ग अपनी बर्फीली वादियों के लिए मशहूर है। ‘बजरंगी भाईजान’, ‘हैदर’, ‘फितूर’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी फिल्मों ने इसकी खूबसूरती को दुनिया के सामने पेश किया।वहीं राजस्थान का उदयपुर पैलेस अपनी शाही विरासत के लिए जाना जाता है। ‘प्रेम रतन धन पायो’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ जैसी फिल्मों के बाद यह वेडिंग और ट्रैवल डेस्टिनेशन के रूप में और ज्यादा लोकप्रिय हो गया।
मुन्नार की हरियाली ने बनाया दीवाना
केरल का मुन्नार अपनी चाय की वादियों और हरियाली के लिए प्रसिद्ध है। ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘निशब्द’ और ऑस्कर विजेता ‘लाइफ ऑफ पाई’ जैसी फिल्मों में यहां के खूबसूरत नजारों ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। यही वजह है कि आज मुन्नार दक्षिण भारत के सबसे पसंदीदा हिल स्टेशनों में शामिल है।
