- विज्ञापन -
Home भारत National दिखने में लाजवाब, सेहत के लिए खराब? मिठाई खरीदते वक्त इन चीजों...

दिखने में लाजवाब, सेहत के लिए खराब? मिठाई खरीदते वक्त इन चीजों से रहें सावधान,एक्सपर्ट ने दी जरूरी सलाह

Healthy sweets buying tips: त्योहार आते ही घर में मिठाइयों की खुशबू और अपनों के साथ खुशियां बांटने का सिलसिला शुरू हो जाता है। रक्षाबंधन जैसे मौके पर मिठाई खिलाए बिना त्योहार कुछ अधूरा-सा लगता है। लेकिन बाजार से मिठाई खरीदते समय थोड़ी सावधानी रखना भी जरूरी है। हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. तरंग कृष्णा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए मिठाई खरीदने को लेकर कुछ जरूरी बातें साझा की हैं।

मिठाई से पूरी तरह दूरी जरूरी नहीं

- विज्ञापन -

डॉक्टर के मुताबिक, अगर आपके डॉक्टर ने मिठाई खाने से पूरी तरह मना नहीं किया है, तो त्योहार पर सीमित मात्रा में मिठाई का आनंद लिया जा सकता है। हालांकि, मिठाई की क्वालिटी और उसे तैयार करने में इस्तेमाल हुई चीजों पर ध्यान देना जरूरी है। खासकर बाजार की मिठाई खरीदते समय तीन बातों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

बहुत ज्यादा चमकीली मिठाई खरीदने से बचें

अगर कोई मिठाई जरूरत से ज्यादा चमकीले या असामान्य रंग में नजर आ रही है, तो उसे खरीदने से बचना बेहतर है। बहुत गाढ़ी हरी पिस्ता बर्फी या बेहद चमकीली नारंगी जलेबी आकर्षक जरूर लग सकती है, लेकिन प्राकृतिक रंग वाली मिठाई को प्राथमिकता देना समझदारी है। मिठाई का रंग जितना सामान्य और प्राकृतिक दिखे, उतना बेहतर विकल्प चुना जा सकता है।

चांदी के वर्क को लेकर भी रहें सावधान

काजू कतली, बर्फी और दूसरी मिठाइयों पर लगा चांदी का वर्क देखने में सुंदर लगता है। हालांकि, अगर आप इसे लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि वर्क खाने योग्य और सही गुणवत्ता का है, तो बिना वर्क वाली मिठाई लेना बेहतर विकल्प हो सकता है। मिठाई खरीदते समय दुकानदार से इसकी गुणवत्ता के बारे में जानकारी जरूर लें।

पारंपरिक मिठाइयों को दें प्राथमिकता

डॉक्टर ने पारंपरिक मिठाइयों को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। बेसन के लड्डू, खीर, आटे का हलवा और रसमलाई जैसे विकल्प त्योहार की मिठास भी बनाए रखते हैं। संभव हो तो घर पर बनी मिठाई सबसे अच्छा विकल्प हो सकती है, क्योंकि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर आपका नियंत्रण रहता है।

त्योहार की मिठास रहे बरकरार

त्योहार पर मिठाई खाना खुशी का हिस्सा है, लेकिन मात्रा और गुणवत्ता दोनों का ध्यान रखना जरूरी है। मिठाई खरीदते समय सिर्फ उसकी खूबसूरती देखकर फैसला न करें। प्राकृतिक रंग, भरोसेमंद दुकान और अच्छी सामग्री को प्राथमिकता दें। इससे त्योहार का स्वाद भी बना रहेगा और सेहत को लेकर अनावश्यक चिंता भी कम होगी

- विज्ञापन -
Exit mobile version