Govinda Slams Sunita Ahuja: बॉलीवुड एक्टर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच जुबानी तकरार अब खुलकर सामने आती दिख रही है। सुनीता ने हाल ही में गोविंदा को उनकी को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर के साथ देखे जाने पर कई तीखे कमेंट किए थे। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि गोविंदा बेटी की उम्र की लड़की को घुमा रहे हैं और उन्हें शर्म आनी चाहिए।
सुनीता ने गोविंदा को एक्ट्रेस का ‘शुगर डैडी’ भी बताया था। अब इन बयानों पर गोविंदा ने वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
‘आप एक भी कसर नहीं छोड़ रहीं’
गोविंदा ने सुनीता पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस काम में वह लगे हुए हैं, उसमें उन्हें इस तरह बदनाम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। एक्टर के मुताबिक, वह चाहते हैं कि उनके काम और बिजनेस को नुकसान न पहुंचे।
गोविंदा ने कहा कि सुनीता ने पहले भी अपने काम के दौरान उनसे मदद ली है और उन्होंने हमेशा उनका साथ दिया। ऐसे में अब उनके काम में दखल देना और उन्हें बदनाम करना उन्हें ठीक नहीं लगता।
को-एक्ट्रेस के बचाव में उतरे गोविंदा
गोविंदा ने अपनी को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर का भी खुलकर बचाव किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी गरीब परिवार से कोई व्यक्ति फिल्म इंडस्ट्री में काम करने आया है तो उसे इस तरह बदनाम या शर्मिंदा नहीं किया जाना चाहिए कि वह अपना काम ही छोड़ दे।
एक्टर ने कहा कि उनके पास इज्जत, पैसा और शोहरत है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कम साधन वाले व्यक्ति को अपमानित किया जाए।
‘शुगर डैडी’ वाले बयान पर भी दिया जवाब
सुनीता के उम्र वाले कमेंट पर गोविंदा ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में बड़े सुपरस्टार्स ने हमेशा नई और कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम किया है। उनके मुताबिक, युवा कलाकारों के साथ काम करने से कलाकार पर्दे पर भी युवा नजर आते हैं।
गोविंदा ने सुनीता को सलाह देते हुए कहा कि वह पॉडकास्ट में दिए जाने वाले बयानों को लेकर थोड़ा संयम रखें और ‘हद में रहें।’
मां-बहन की गालियों पर भी जताई नाराजगी
वीडियो के अंत में गोविंदा दोबारा पलटकर आए और सुनीता के कथित गाली-गलौज वाले अंदाज पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मां-बहन जैसे रिश्तों के नाम को गालियों में इस्तेमाल करना सही नहीं है।
गोविंदा ने कहा कि उन्हें सुनीता से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं थी और ऐसी बातों से रिश्तों की गरिमा कम होती है। दोनों के बीच चल रही यह जुबानी जंग अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
