ITR Filing 2026: अगर आप नौकरी के साथ कोई कारोबार करते हैं या फ्रीलांसिंग से कमाई करते हैं, तो इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की डेडलाइन का ध्यान रखना जरूरी है। बिना टैक्स ऑडिट वाले कारोबार या प्रोफेशन से आय वाले टैक्सपेयर्स के लिए ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 अगस्त 2026 है। वहीं, जिन कारोबारियों के खातों का टैक्स ऑडिट जरूरी है, उनके लिए रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 है।
बिजनेस इनकम वालों के लिए ITR-3 या ITR-4
बिजनेस या प्रोफेशन से कमाई करने वाले टैक्सपेयर्स के लिए आमतौर पर ITR-3 और ITR-4 में से कोई एक फॉर्म लागू होता है। सही फॉर्म का चुनाव आपकी आय, बिजनेस की प्रकृति और टैक्सेशन के तरीके पर निर्भर करता है।
ITR-3 उन व्यक्तियों और HUF के लिए होता है, जिनकी आय बिजनेस या प्रोफेशन से होती है और वे प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन स्कीम का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। इसमें सैलरी, पेंशन, हाउस प्रॉपर्टी, बिजनेस, प्रोफेशन, कैपिटल गेन्स और अन्य स्रोतों से होने वाली आय रिपोर्ट की जा सकती है।
वहीं ITR-4 यानी Sugam कुछ पात्र व्यक्तियों, HUF और फर्म के लिए होता है, जो प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन के तहत बिजनेस या प्रोफेशनल इनकम घोषित करते हैं। सामान्य तौर पर निर्धारित शर्तों के तहत 50 लाख रुपये तक की कुल आय वाले टैक्सपेयर्स इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
हर टैक्सपेयर के लिए ITR-4 नहीं है सही
कुछ परिस्थितियों में ITR-4 का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। उदाहरण के लिए विदेशी संपत्ति या विदेशी आय, कुछ प्रकार के कैपिटल गेन्स, अनलिस्टेड इक्विटी शेयर, पुराने घाटे को आगे कैरी फॉरवर्ड करने की स्थिति या विशेष दर से टैक्स वाली आय होने पर दूसरे ITR फॉर्म की जरूरत पड़ सकती है। कंपनी के डायरेक्टर भी ITR-4 के जरिए रिटर्न दाखिल नहीं कर सकते।
ITR भरने से पहले इन दस्तावेजों की करें जांच
रिटर्न दाखिल करने से पहले Form 26AS, AIS, TIS, Form 16 और Form 16A में दर्ज जानकारी को बैंक स्टेटमेंट और दूसरे रिकॉर्ड से मिलाना चाहिए। बिजनेस करने वालों को बिक्री-खरीद का रिकॉर्ड, लाभ-हानि खाता, बैलेंस शीट, बिल, चालान और GST से जुड़े रिकॉर्ड भी तैयार रखने चाहिए।
अगर आपने शेयर बाजार में निवेश या ट्रेडिंग की है, तो ब्रोकरेज स्टेटमेंट, कॉन्ट्रैक्ट नोट, डीमैट स्टेटमेंट और कैपिटल गेन्स की जानकारी भी जांच लें। किराये से आय होने पर रेंट रिकॉर्ड और होम लोन के ब्याज से जुड़े दस्तावेज भी संभालकर रखें।
