Sudivya Kumar Sonu Death: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू का शनिवार देर रात निधन हो गया। गिरिडीह स्थित अपने आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तत्काल मर्सी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने इलाज की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही और उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनके निधन की खबर सामने आते ही गिरिडीह समेत पूरे झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर दुख जताया है।
हेमंत सोरेन सरकार में संभाल रहे थे चार विभाग
सुदिव्य कुमार सोनू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। उनके पास पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य, नगर विकास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़े विभागों की जिम्मेदारी थी। इन विभागों के कामकाज को लेकर वह लगातार सक्रिय नजर आते थे।
हाल के दिनों में झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही थी। JPSC और JSSC से जुड़े विवादों के बीच उन्होंने सरकार और छात्रों के बीच संवाद कायम करने की कोशिश की थी।
लगातार दूसरी बार बने थे विधायक
सुदिव्य कुमार सोनू गिरिडीह सदर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2019 में पहली बार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी।
दूसरी बार विधायक चुने जाने के बाद उन्हें हेमंत सोरेन सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। पार्टी में उन्हें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी नेताओं में भी गिना जाता था।
JMM ने जताया गहरा दुख
सुदिव्य कुमार के निधन पर JMM ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असामयिक निधन पार्टी, सरकार और झारखंड के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी ने उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
