Viral News: कर्नाटक के मांड्या जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोर ली है। श्रीरंगपट्टनम के आरती उक्कडा यानी मारम्मा मंदिर में 12 अगस्त को भीमा अमावस्या के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान तुमकुरु ग्रामीण विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या भी मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि ऐश्वर्या गर्भ गृह में जाने के लिए VIP कतार के बिना आगे बढ़ना चाहती थीं। ड्यूटी पर तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर सविता बी. पाटिल ने उन्हें कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
बहस के बाद दोनों ने एक-दूसरे को मारा थप्पड़
मामला इतना बढ़ गया कि आरोप के मुताबिक ऐश्वर्या ने महिला SI सविता को गाल पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सविता ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ऐश्वर्या को थप्पड़ मार दिया। वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत बीच-बचाव किया और दोनों को अलग किया।
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। वीडियो में दोनों के बीच बहस होती दिखाई देती है। इसके बाद हाथापाई की स्थिति बनती नजर आती है और आसपास मौजूद लोग दोनों को अलग करने की कोशिश करते हैं।
महिला SI की शिकायत पर FIR
घटना के बाद महिला पुलिसकर्मी सविता ने क्यातनहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ऐश्वर्या ने खुद को विधायक की बेटी बताते हुए उन्हें रोकने पर सवाल किया। बहस के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी भी दी गई।
पुलिस ने ऐश्वर्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। इनमें सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने, चोट पहुंचाने, अपमान और धमकी जैसे आरोप शामिल बताए जा रहे हैं।
विधायक सुरेश गौड़ा ने मांगी माफी
मामले पर विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी बच्चों के साथ मंदिर गई थी और गर्भ गृह में जाने की अनुमति चाहती थी। विधायक ने यह भी दावा किया कि एक अन्य अधिकारी को अंदर जाने दिया गया था, जबकि उनकी बेटी को रोका गया।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी पूरा वीडियो नहीं देखा है, लेकिन अगर उनकी बेटी की गलती है तो वह माफी मांगते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्यों को देखा जा रहा है।
