- विज्ञापन -
Home भारत National मेलोडी किंग कुमार सानू का चौंकाने वाला खुलासा, AK-47 लेकर स्टेज पर...

मेलोडी किंग कुमार सानू का चौंकाने वाला खुलासा, AK-47 लेकर स्टेज पर पहुंचा शख्स, बंदूक की नोक पर 16 बार गाना गाने को हुए मजबूर

Bollywood News: 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय गायकों में शामिल कुमार सानू की आवाज आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में बसती है। रोमांटिक गानों के लिए मशहूर सिंगर ने अपने करियर में कई यादगार किस्से देखे हैं, लेकिन एक घटना ऐसी भी रही जिसे वह आज तक नहीं भूल पाए। उन्होंने खुद बताया था कि एक स्टेज शो के दौरान उन्हें बंदूक की नोक पर एक ही गाना बार-बार गाना पड़ा।

पटना के शो में हुआ था हैरान करने वाला वाकया

- विज्ञापन -

कुमार सानू ने द कपिल शर्मा शो में इस घटना का जिक्र किया था। उन्होंने बताया कि पटना में उनका लाइव शो चल रहा था और दर्शक खूब आनंद ले रहे थे। तभी उनकी नजर सामने बैठे कुछ लोगों पर पड़ी, जिनके पास AK-47 राइफलें थीं।हैरानी की बात यह थी कि हर बार गाना खत्म होने पर वे लोग हवा में फायरिंग कर रहे थे। लगातार चल रही गोलियों से टेंट में कई जगह छेद हो गए, लेकिन माहौल बिगड़ने से बचाने के लिए शो जारी रखा गया।

एक गाने को 16 बार गाने की पड़ी नौबत

कुमार सानू ने बताया कि उन्होंने जैसे ही दूसरा गाना शुरू किया, तभी एक शख्स बंदूक लेकर उनके पास पहुंच गया। उसने कहा कि पहले वाला गाना उसका पसंदीदा है और उसे वही दोबारा सुनना है।सिंगर ने समझाने की कोशिश की कि वे दूसरा गाना भी सुना सकते हैं, लेकिन उस व्यक्ति ने बंदूक सामने रख दी। ऐसी स्थिति में कुमार सानू के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उन्होंने डर के कारण उसी गाने को लगातार 16 बार गाया।

बिगड़ते हालात देखकर पीछे के रास्ते से निकले

कुछ देर बाद वही लोग स्टेज पर चढ़कर नाचने-गाने लगे। माहौल पूरी तरह बेकाबू होने लगा। स्थिति को देखते हुए कुमार सानू चुपचाप स्टेज के पीछे से निकल गए और पास के एक होटल में जाकर रुके। उन्होंने बताया कि सुबह करीब पांच बजे तक इलाके में गोलियों की आवाजें सुनाई देती रहीं।

‘मेलोडी किंग’ बनने का सफर

कुमार सानू को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में बड़ा मौका संगीतकार जोड़ी नदीम-श्रवण ने दिया। साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म आशिकी के गानों ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने कई सुपरहिट रोमांटिक गीत गाए और उन्हें ‘मेलोडी किंग’ के नाम से पहचान मिली।

आज भी कायम है उनका रिकॉर्ड

कुमार सानू के नाम एक ही दिन में 28 गाने रिकॉर्ड करने का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है, जिसे लंबे समय से कोई नहीं तोड़ पाया है। संगीत जगत में उनके शानदार योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2009 में उन्हें पद्म श्री सम्मान से भी नवाजा। आज भी उनकी आवाज और गाने हर पीढ़ी के संगीत प्रेमियों के बीच उतने ही लोकप्रिय हैं।

- विज्ञापन -
Exit mobile version