Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने PM Surya Ghar Yojana के तहत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य में अब तक 6.2 लाख से अधिक घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
50 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हुआ पूरा
जून 2026 की प्रगति समीक्षा बैठक के अनुसार उत्तर प्रदेश को इस योजना के तहत 11.27 लाख परिवारों तक सोलर सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य मिला था। इनमें से 50 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। देशभर में हुए कुल सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत बताई गई है, जो राज्य की शानदार प्रगति को दर्शाती है।
लगातार तीन महीने बना रिकॉर्ड
यूपी नेडा के अधिकारियों के मुताबिक मार्च, अप्रैल और मई 2026 के दौरान लगातार तीन महीनों तक 50 हजार से अधिक घरों में सोलर सिस्टम लगाए गए। यह उपलब्धि देश में सबसे तेज इंस्टॉलेशन दरों में से एक मानी जा रही है। जून 2025 में जहां प्रतिदिन लगभग 500 इंस्टॉलेशन हो रहे थे, वहीं मई 2026 तक यह संख्या बढ़कर करीब 2100 प्रतिदिन पहुंच गई
सरकार ने दिए तेज क्रियान्वयन के निर्देश
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर आवेदन को जल्द से जल्द इंस्टॉलेशन में बदला जाए। बैंक ऋण की मंजूरी समय पर हो, भुगतान में देरी न हो और निष्क्रिय वेंडर्स को फिर से सक्रिय किया जाए। साथ ही जरूरत के अनुसार नए वेंडर्स को भी जोड़ा जाए ताकि योजना की गति और तेज हो सके।
रोजगार और कारोबार को भी मिला बढ़ावा
PM Surya Ghar Yojana के तहत उत्तर प्रदेश में 2000 मेगावाट से अधिक क्षमता जुड़ चुकी है। इससे राज्य में रूफटॉप सोलर उद्योग को भी बड़ा लाभ मिला है। प्रतिदिन 40 से 50 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो रहा है और 80 हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ती जनभागीदारी और प्रभावी सरकारी प्रयासों के कारण उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रहा है।
आने वाले समय में यह योजना न केवल लोगों के बिजली बिल को कम करेगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
