- विज्ञापन -
Home Crime Bagpat News: बागपत में मंदिर के पुजारी पर दो दोस्तों की हत्या...

Bagpat News: बागपत में मंदिर के पुजारी पर दो दोस्तों की हत्या का आरोप, चाय में जहर देकर शव मंदिर में दफनाने का लगा आरोप

Bagpat Temple Murder Case: बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के सिंगोली तगा गांव निवासी 27 वर्षीय दिव्यांग अंकित और उसके 34 वर्षीय दोस्त इसरार 24 जुलाई को बाइक से खेकड़ा जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे। अंकित की बहन भावना ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

- विज्ञापन -

जांच के दौरान पुलिस को लहचौड़ा गांव स्थित श्री गणेश भगवान मंदिर के पुजारी नरेश नाथ के बारे में जानकारी मिली।

कथित संबंध को लेकर था विवाद

पुलिस के मुताबिक, नरेश नाथ पहले सिंगोली तगा के शिव मंदिर में रहता था। बाद में ग्रामीणों के विरोध के बाद वह लहचौड़ा के मंदिर में रहने लगा। इसी दौरान उसके अंकित की बहन के साथ कथित संबंध होने की बात सामने आई। कुछ समय पहले दोनों की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी जानकारी मिली थी।

बताया जा रहा है कि अंकित ने इसका विरोध किया था और वह अपने दोस्त इसरार के साथ मंदिर पहुंचा था।

चाय में जहर देकर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को दोनों युवकों को मंदिर में चाय पिलाई गई। आरोप है कि चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों शवों को मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया और ऊपर टाइल्स लगा दी गईं।

खुदाई में बरामद हुए दोनों शव

पुलिस ने सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर पूरनपुर नवादा निवासी उज्ज्वल पांचाल को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मंदिर परिसर में शव दफन होने की जानकारी मिली। उसकी निशानदेही पर खुदाई कर दोनों शव बरामद किए गए।

मामले में उज्ज्वल पांचाल और कृष्णा यादव को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पुजारी नरेश नाथ, उसका नाबालिग बेटा और अन्य आरोपी मामले में शामिल बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

मृतकों के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस को पहले ही घटना की जानकारी मिल गई थी, लेकिन कांवड़ मेले के चलते माहौल खराब होने की आशंका के कारण खुलासा देर से किया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version