Amitabh Bachchan Blog: हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन आज भी अपनी ऊर्जा, अनुशासन और काम के प्रति समर्पण से लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। 83 साल की उम्र में भी वह लगातार सक्रिय हैं और अपने पेशेवर दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभा रहे हैं। हाल ही में अपने ब्लॉग के जरिए उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि उनके लिए काम सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जुनून है।
ब्लॉग में साझा किया अपना वर्क रूटीन
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि वह अभी-अभी उठे हैं और काम के लिए तैयार हैं। उन्होंने लोगों से भी अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील की। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने सभी को पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी।
महानायक ने अपने प्रशंसकों के साथ जीवन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण विचार भी साझा किए और बताया कि कठिन परिस्थितियों का सामना कैसे किया जाना चाहिए।
समस्याएं जीवन का हिस्सा हैं: अमिताभ
ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि समस्याओं की एक अच्छी बात यह है कि वे बाद में भी समस्याएं ही रहती हैं, इसलिए हर बार उनसे तुरंत घबराने की जरूरत नहीं होती। उनका मानना है कि जीवन में आने वाली चुनौतियां इंसान को नई सीख देती हैं और अनुभवों के जरिए उसे अधिक समझदार बनाती हैं।
सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास पर दिया जोर
अमिताभ बच्चन ने आगे लिखा कि सीखने के लिए हमेशा समस्या का होना जरूरी नहीं है, लेकिन जब भी कोई कठिन परिस्थिति सामने आए तो व्यक्ति को उसका सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जीवन की अनिश्चितताएं ही उसे रोचक बनाती हैं। ऐसे में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच हर चुनौती से निपटने का सबसे बड़ा हथियार है।
सोशल मीडिया और ब्लॉग के जरिए फैंस से जुड़े रहते हैं बिग बी
फिल्मों और विज्ञापनों के अलावा अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग, सोशल मीडिया पोस्ट और हर रविवार होने वाले ‘संडे दर्शन’ के जरिए भी प्रशंसकों से लगातार जुड़े रहते हैं। उनके विचार और जीवन अनुभव लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
इन प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे अमिताभ बच्चन
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में दिखाई दे सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह फिल्म ‘सेक्शन 84’ में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे।
इसके अलावा उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी पार्ट 2’ भी चर्चा में है। फिल्म के पहले भाग में उन्होंने अश्वत्थामा का दमदार किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब फिल्म के दूसरे भाग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और फैंस एक बार फिर उन्हें बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
