Bigg Boss 2026: रियलिटी शो के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। जियोहॉटस्टार ने घोषणा की है कि सितंबर 2026 से पहली बार ‘बिग बॉस’ के छह भाषाओं वाले नए सीजन एक साथ लॉन्च किए जाएंगे। हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला में प्रसारित होने वाला यह रियलिटी शो टीवी और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। माना जा रहा है कि यह भारतीय टेलीविजन इतिहास का सबसे बड़ा मल्टी-लैंग्वेज रियलिटी शो लॉन्च होगा।
इन सितारों के हाथ होगी शो की कमान
हर भाषा के संस्करण में अपने-अपने लोकप्रिय होस्ट नजर आएंगे। हिंदी में एक बार फिर सलमान खान दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। तमिल संस्करण की मेजबानी विजय सेतुपति, तेलुगु में नागार्जुन, कन्नड़ में किच्चा सुदीप और मलयालम में मोहनलाल शो को होस्ट करेंगे।
इस बार सबसे बड़ा सरप्राइज बांग्ला संस्करण में देखने को मिलेगा, जहां भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली पहली बार ‘बिग बॉस बांग्ला’ के होस्ट के रूप में नजर आएंगे।
24×7 लाइव फीड और इंटरैक्टिव अनुभव
इस सीजन में दर्शकों को पहले की तरह 24×7 लाइव फीड देखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा लाइव वोटिंग, चैट और इंटरैक्टिव फीचर्स के जरिए दर्शक कंटेस्टेंट्स के गेम पर सीधा असर डाल सकेंगे। जियोहॉटस्टार का दावा है कि इससे दर्शकों की भागीदारी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ेगी।
पिछले सीजन ने बनाए थे रिकॉर्ड
कंपनी के मुताबिक, वर्ष 2025 में बिग बॉस फ्रेंचाइजी ने 50 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंच बनाई थी और 438 बिलियन से ज्यादा व्यूइंग मिनट्स दर्ज किए थे। ओटीटी पर भी शो की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जहां बड़ी संख्या में दर्शक लाइव फीड देखना पसंद करते हैं।
कॉफी टेबल बुक भी हुई लॉन्च
बिग बॉस के दो दशक पूरे होने के मौके पर जियोहॉटस्टार ने ‘India’s Big Reality’ नाम से एक विशेष कॉफी टेबल बुक भी लॉन्च की है। इसमें शो के पिछले 20 वर्षों के सफर और यादगार पलों को शामिल किया गया है।
