Bollywood News: आज भी जब हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों की बात होती है तो राजेश खन्ना का नाम सबसे पहले लिया जाता है। उन्हें बॉलीवुड का पहला सुपरस्टार कहा जाता है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था। एक समय ऐसा भी था जब उन्हें खुद को साबित करने के लिए बड़े-बड़े फिल्म निर्माताओं के सामने ऑडिशन देना पड़ा था।
अखबार में देखा विज्ञापन और बदल गई जिंदगी
राजेश खन्ना, जिनका असली नाम जतिन खन्ना था, बचपन से ही अभिनय के शौकीन थे। एक दिन उनकी नजर यूनाइटेड प्रोड्यूसर्स-फिल्मफेयर टैलेंट कॉन्टेस्ट के विज्ञापन पर पड़ी। उन्होंने अखबार से विज्ञापन काटा, फॉर्म भरा और अपनी तस्वीरें भेज दीं। करीब 10 हजार प्रतिभागियों में से उनका चयन हुआ, जो उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित हुआ।
जब तीन दिग्गज प्रोड्यूसर्स के सामने हुआ ऑडिशन
ऑडिशन के दौरान उनके सामने बीआर चोपड़ा, बिमल रॉय और शक्ति सामंत जैसे दिग्गज निर्माता बैठे थे। उनसे पूछा गया कि जो डायलॉग भेजा था, क्या उसे याद किया है? इस पर राजेश खन्ना ने कहा कि बिना किरदार को समझे डायलॉग कैसे बोल सकता हूं। उनका यह जवाब सुनकर सभी निर्माता प्रभावित हो गए।
इसके बाद उनसे अपना पसंदीदा डायलॉग सुनाने को कहा गया। उन्होंने थिएटर के एक नाटक का संवाद सुनाया, जिसकी शुरुआत इन शब्दों से हुई “एक ऐसी बात जिसका इकरार करते हुए मेरी जुबां पर छाले पड़ जाएंगे…”। यही डायलॉग उनकी जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ।
‘आखिरी खत’ से हुई शुरुआत, ‘आराधना’ ने बनाया सुपरस्टार
ऑडिशन के बाद उन्हें फिल्मों में मौका मिला और उन्होंने ‘आखिरी खत’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। शुरुआती फिल्मों को बड़ी सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।
इसके बाद शक्ति सामंत की फिल्म ‘आराधना’ आई, जिसने उनकी किस्मत पूरी तरह बदल दी। फिल्म में उनका डबल रोल और ‘मेरे सपनों की रानी’ जैसे गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं। इस फिल्म के बाद राजेश खन्ना लगातार सुपरहिट फिल्में देने लगे और देशभर में उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग बन गई।
फिल्मों से राजनीति तक का सफर
राजेश खन्ना ने अपने लंबे करियर में कई यादगार फिल्में दीं और तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीते। बाद में उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा और 1992 से 1996 तक कांग्रेस सांसद रहे। जीवन के अंतिम वर्षों में वे कैंसर से जूझते रहे और 18 जुलाई 2012 को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। हालांकि, उनकी फिल्मों, गानों और अभिनय का जादू आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में जिंदा है।
