Bollywood:सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ (The Vvaan: Force of the Forest) सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। बिहार की लोककथाओं और रहस्यमयी जंगल की कहानी पर आधारित इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले भी काफी चर्चा थी।
पहले दिन कैसी रही कमाई?
फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शुरुआत में अच्छा संकेत दिया था। रिलीज के बाद भी कई जगहों पर दर्शकों की दिलचस्पी देखने को मिली। उपलब्ध शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने पहले दिन अब तक करीब 3.43 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। हालांकि, यह शुरुआती आंकड़ा है और दिन खत्म होने के बाद फिल्म की कुल कमाई में बदलाव हो सकता है।
फिल्म के सामने बॉक्स ऑफिस पर नानी की ‘द पैराडाइज’, ‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ जैसी फिल्मों की चुनौती भी है। ऐसे में आने वाले दिनों का कलेक्शन फिल्म के प्रदर्शन की दिशा तय करने में अहम रहेगा।
बिहार की लोककथा से जुड़ी है कहानी
‘द वन’ की कहानी बिहार की लोककथाओं और जंगल से जुड़ी मान्यताओं के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ऋषि का किरदार निभाया है, जो अपनी पत्नी ममता यानी तमन्ना भाटिया के साथ मुंबई में रहता है।
कई सालों बाद ऋषि अपने होमटाउन देवांचल लौटता है। उसका भाई उसे छठ पूजा के लिए बुलाता है और जमीन अधिग्रहण से जुड़ा एक समन भी भेजता है। गांव के पास जंगल से होकर सड़क बनाने की योजना है, जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं।
वन देवी का डर बढ़ाता है रहस्य
गांव के लोगों का मानना है कि सूरज ढलने के बाद जंगल में जाने से वहां रहने वाली ‘वन देवी’ नाराज हो सकती हैं। ऋषि इन मान्यताओं को अंधविश्वास मानता है और जंगल से सड़क बनाने की योजना का समर्थन करता है।
इसी वजह से उसके परिवार और गांव के लोगों के साथ उसके रिश्तों में तनाव बढ़ने लगता है। वहीं पुश्तैनी जमीन को लेकर भी परिवार में विवाद खड़ा होता है। अब जंगल का रहस्य क्या है और ऋषि के साथ आगे क्या होता है, इसका जवाब फिल्म देखने के बाद ही मिलेगा।
