- विज्ञापन -
Home Entertainment आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डबल डेकर बस में आग लगी, चालक-परिचालक...

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: डबल डेकर बस में आग लगी, चालक-परिचालक की मौत

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कानपुर से गुड़गांव जा रही एक डबल डेकर बस आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।यह घटना थाना मटसेना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के खंभा नंबर 46 किलोमीटर के पास सुबह करीब 4 बजे हुई। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर और आग लगने से यात्रियों में भगदड़ मच गई।

शीशे तोड़कर बाहर निकले यात्री

- विज्ञापन -

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बस के अंदर धुआं भरने लगा। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए बस के इमरजेंसी गेट और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। कुछ लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई यात्री आग और धुएं में फंस गए।घायल यात्री पूजा ने बताया कि बस में करीब 40 से 45 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि आगे एक डंपर पलटा हुआ था, जिसके बाद बस अचानक उससे टकरा गई और आग लग गई। उन्होंने बताया कि लोगों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला।

चालक और परिचालक की मौत

हादसे में बस चालक और परिचालक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बस के अगले हिस्से में फंस गए थे और आग की चपेट में आ गए। वहीं 15 से 20 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को शिकोहाबाद, सैफई और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसा बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि पांच गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जबकि अन्य का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

राहत-बचाव कार्य में जुटी टीमें

घटना की सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सामने चल रहे टैंकर से अचानक टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version