Raj Kundra: शिल्पा शेट्टी के पति और व्यवसायी राज कुंद्रा अब पंजाबी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में हैं। अपनी पहली पंजाबी फिल्म ‘मेहर’ से अभिनय की शुरुआत करने वाले राज का कहना है कि वह केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और मानवीय भावनाओं को सामने लाने वाली फिल्मों का हिस्सा बनना चाहते हैं।
पंजाब की अनकही कहानियों को पर्दे पर लाना चाहते हैं
राज कुंद्रा का मानना है कि पंजाब की संस्कृति में कई ऐसी कहानियां हैं, जिन्हें अब तक बड़े पर्दे पर सही तरीके से नहीं दिखाया गया। उन्होंने कहा कि उनके लिए किसी फिल्म की अहमियत इस बात से तय होती है कि वह दर्शकों तक क्या संदेश पहुंचाती है। यही वजह है कि वह ऐसे प्रोजेक्ट्स चुनना चाहते हैं, जो वास्तविक जीवन और सामाजिक विषयों से जुड़े हों।
‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ पर जताया भरोसा
राज कुंद्रा ने अपनी आगामी फिल्म ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि यह फिल्म निर्देशक सौरभ वर्मा के साथ उनकी पहली परियोजना बनने वाली थी, लेकिन आर्थिक सहयोग और निर्माताओं की कमी के कारण इसे आगे नहीं बढ़ाया जा सका। हालांकि, उन्हें इसकी कहानी पर हमेशा भरोसा रहा।
‘मेहर’ के बाद मिला नया मौका
राज ने बताया कि ‘मेहर’ के बाद कई निर्माताओं ने उनसे संपर्क किया। इसी दौरान उन्होंने एक बार फिर ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ की कहानी साझा की, जिसे कई निर्माताओं का समर्थन मिला। उनका कहना है कि अच्छी कहानी देर-सबेर अपना रास्ता बना ही लेती है।
अब पैन इंडिया फिल्म की तैयारी
राज कुंद्रा ने खुलासा किया कि ‘द ग्रेट पंजाब रॉबरी’ के बाद वह अपने होम प्रोडक्शन की अगली फिल्म पर काम करेंगे। यह फिल्म पूरे देश के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी और इसे पैन इंडिया स्तर पर रिलीज करने की योजना है।
