Entertainment News: टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’ से लोकप्रिय हुईं एक्ट्रेस शिखा सिंह ने हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों का एक परेशान करने वाला अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि एक फेमस फिल्ममेकर-डायरेक्टर के ऑडिशन के दौरान उन्हें ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसने उन्हें बॉलीवुड में करियर बनाने से रोक दिया।शिखा के अनुसार यह उनका पहला और आखिरी फिल्म ऑडिशन था, जिसके बाद उन्होंने कभी बड़े पर्दे के लिए कोशिश नहीं की।
ऑडिशन के दौरान हुआ असहज अनुभव
एक इंटरव्यू में शिखा ने बताया कि ऑडिशन के दौरान डायरेक्टर सोफे पर बैठे थे और धीरे-धीरे उनके करीब आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने अनुचित व्यवहार किया और “हीरोइन बनने लायक” होने की बात भी कही।शिखा ने कहा कि इस घटना के बाद उन्होंने तुरंत उस जगह को छोड़ दिया और फिल्म करने से इनकार कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि वह व्यक्ति इंडस्ट्री का एक जाना-माना नाम था, हालांकि उन्होंने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया।
बॉलीवुड छोड़ टीवी की ओर रुख
इस घटना के बाद शिखा ने फिल्म इंडस्ट्री में ऑडिशन देना बंद कर दिया और टेलीविजन की ओर अपना करियर मोड़ लिया। उनका मानना है कि उस अनुभव ने उनके फैसले को पूरी तरह बदल दिया।उन्होंने आगे चलकर टीवी इंडस्ट्री में खुद को स्थापित किया और कई लोकप्रिय शोज़ का हिस्सा बनीं।
टीवी करियर में मिली पहचान
शिखा सिंह ने अपने करियर की शुरुआत ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ से की थी, जिसमें उन्होंने कैडेट आकृति भट का किरदार निभाया। इसके बाद वह ‘मेरी डोली तेरे अंगना’, ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’, ‘ना आना इस देस लाडो’, ‘फुलवा’, ‘ससुराल सिमर का’ और ‘महाभारत’ जैसे शोज़ में नजर आईं।उन्हें सबसे ज्यादा पहचान ‘कुमकुम भाग्य’ में आलिया मेहरा के नकारात्मक किरदार से मिली।
निजी जीवन और मौजूदा प्रोजेक्ट
शिखा सिंह ने अप्रैल 2016 में करण शाह से शादी की और 2020 में उनकी एक बेटी हुई। वर्तमान में वह टीवी शो ‘जगधात्री’ में साक्षी मित्तल का किरदार निभा रही हैं।
