Maharashtra Covid Cases: करीब तीन साल तक शांत रहने के बाद देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। आंध्र प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में भी कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक 48 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें से अकेले जुलाई के शुरुआती दिनों में 21 नए मामले सामने आए हैं।
आंध्र प्रदेश के बाद बढ़ी सतर्कता
देशभर में 1 जुलाई 2026 के बाद अब तक 339 कोविड मामले दर्ज किए गए हैं। हाल ही में आंध्र प्रदेश के कडप्पा, गुंटूर और विशाखापत्तनम में 12 नए संक्रमित मिले थे। वहां पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे चार मरीजों की मौत भी दर्ज की गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न राज्यों में निगरानी बढ़ा दी है।
क्या हैं नए वेरिएंट के लक्षण?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में सामने आ रहे अधिकांश मामलों में लक्षण हल्के हैं। संक्रमित मरीजों में लगातार सूखी या बलगम वाली खांसी, हल्का बुखार, गले में खराश, शरीर में दर्द और अधिक थकान जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। अधिकांश मरीज तीन से पांच दिनों के भीतर सामान्य हो रहे हैं और अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत बहुत कम पड़ रही है।
स्क्रीनिंग के दौरान सामने आ रहे कई मामले
डॉक्टरों के मुताबिक, कई मरीज किसी अन्य बीमारी के इलाज या सर्जरी के लिए अस्पताल पहुंचे थे। प्री-ऑपरेटिव जांच के दौरान उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यानी कई मामलों में संक्रमण का पता नियमित स्क्रीनिंग के दौरान चल रहा है, न कि गंभीर लक्षणों के कारण।
घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत
विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल यह किसी नई बड़ी कोविड लहर का संकेत नहीं है। वायरस अब सामान्य मौसमी संक्रमण की तरह व्यवहार कर रहा है। हालांकि बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हल्के लक्षण दिखने पर जांच कराना और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सतर्कता बरतना अभी भी जरूरी माना जा रहा है।
