Instagram Update : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram ने यूजर्स के लिए एक नया और उपयोगी फीचर रोल आउट कर दिया है। अब यूजर्स अपने किए गए कमेंट्स को पोस्ट करने के बाद एडिट भी कर सकेंगे। कंपनी लंबे समय से इस फीचर की टेस्टिंग कर रही थी, जो पहले बीटा वर्जन में उपलब्ध था। अब इसे सभी यूजर्स के लिए जारी कर दिया गया है। इस बारे में जानकारी Meta Platforms ने अपनी ब्लॉग पोस्ट के जरिए दी है।
15 मिनट के अंदर कर सकेंगे कमेंट एडिट
इंस्टाग्राम के अनुसार, यूजर्स कमेंट करने के बाद 15 मिनट के अंदर ही अपने कमेंट को एडिट कर पाएंगे। इस समय सीमा के बाद कमेंट एडिट करने का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। यूजर्स 15 मिनट के भीतर जितनी बार चाहें, अपने कमेंट के टेक्स्ट में बदलाव कर सकते हैं। हालांकि, फोटो या पोस्ट पर किए गए कमेंट में केवल टेक्स्ट को ही एडिट किया जा सकेगा।
सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हुआ फीचर
यह नया फीचर केवल Meta Verified सब्सक्राइबर्स के लिए ही नहीं, बल्कि सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। यानी जिन यूजर्स के पास सब्सक्रिप्शन नहीं है, वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, एडिट किए गए कमेंट्स के साथ “Edited” लिखा हुआ दिखाई देगा, जैसा कि अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देखने को मिलता है। हालांकि, यूजर्स को कमेंट की एडिट हिस्ट्री देखने का विकल्प नहीं मिलेगा।
क्रिएटर्स के लिए क्यों खास है यह फीचर?
इंस्टाग्राम ने बताया कि कई बार कंटेंट क्रिएटर्स पोस्ट पर कमेंट करते समय टाइपो या छोटी गलतियां कर देते हैं, जिसके कारण उन्हें पूरा कमेंट डिलीट करना पड़ता था। अब वे आसानी से अपने कमेंट और रिप्लाई को एडिट कर सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर उन क्रिएटर्स के लिए उपयोगी साबित होगा, जो अपने फॉलोअर्स के साथ लगातार कम्युनिकेशन में रहते हैं और पोस्ट पर सक्रिय रूप से रिप्लाई करते हैं। अगर आपके इंस्टाग्राम ऐप में अभी तक यह फीचर दिखाई नहीं दे रहा है, तो आप Google Play Store या Apple App Store से ऐप अपडेट करके इसे इस्तेमाल कर सकते हैं।
