UK Child Safety Law: ब्रिटेन सरकार बच्चों को स्मार्टफोन और टैबलेट पर न्यूड या अश्लील तस्वीरों के संपर्क से बचाने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है। प्रस्तावित कानून के तहत Apple और Google को अपने ऑपरेटिंग सिस्टम में ऐसे सुरक्षा उपाय मजबूत करने पड़ सकते हैं, जो बच्चों को न्यूड तस्वीरें लेने, देखने या शेयर करने से रोकने में मदद करें।
‘द गार्जियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन की संस्कृति मंत्री लिसा नैंडी ने मंगलवार को हाउस ऑफ कॉमन्स में सरकार की योजना की जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रस्तावित कानून संसद में कब पेश किया जाएगा।
कंपनियों को दिया गया था समय
रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन सरकार ने जून में Apple और Google को करीब तीन महीने का समय दिया था। दोनों कंपनियों से बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए जरूरी फीचर्स स्वेच्छा से लागू करने को कहा गया था। सरकार का मानना है कि मौजूदा सुरक्षा उपाय बच्चों को पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त नहीं हैं।
Apple के पास पहले से Communication Safety फीचर मौजूद है, जिसे 2021 में शुरू किया गया था। यह बच्चों को न्यूड तस्वीरें या वीडियो देखने और शेयर करने से रोकने में मदद करता है। कंपनी ने बाद में इसे कुछ थर्ड-पार्टी ऐप्स तक भी विस्तार दिया।
Google भी सुरक्षा फीचर मजबूत करने में जुटा
Google की ओर से भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर काम किए जाने की बात कही गई है। कंपनी का कहना है कि वह सरकार, ऐप डेवलपर्स और सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ मिलकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को बच्चों के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर रही है।
ब्लैकमेल और ऑनलाइन ग्रूमिंग का खतरा
ब्रिटेन सरकार का मानना है कि बच्चों को न्यूड या निजी तस्वीरें बनाने और शेयर करने के लिए दबाव में डाला जा सकता है। ऐसी तस्वीरों का इस्तेमाल बाद में ब्लैकमेल, ऑनलाइन ग्रूमिंग और यौन शोषण के लिए किया जा सकता है।
प्रस्तावित नियम केवल स्मार्टफोन के ऑपरेटिंग सिस्टम तक सीमित नहीं रहेंगे। अलग-अलग ऐप्स को भी बच्चों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त उपाय अपनाने पड़ सकते हैं। हालांकि, किन डिवाइस और ऐप्स पर नियम लागू होंगे, इसे लेकर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है।
