- विज्ञापन -
Home Tech WhatsApp पर बैंक का फर्जी मैसेज आए तो न करें रिप्लाई, खाली...

WhatsApp पर बैंक का फर्जी मैसेज आए तो न करें रिप्लाई, खाली हो सकता है अकाउंट

WhatsApp Banking Scam: साइबर जालसाज लोगों को ठगने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। अब WhatsApp पर बैंकिंग ट्रांजेक्शन का फर्जी अलर्ट भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। जालसाज पहले मैसेज भेजते हैं कि आपके बैंक अकाउंट से कोई बड़ी रकम डेबिट हुई है। इसके बाद ट्रांजेक्शन नहीं करने पर ‘No’ रिप्लाई करने के लिए कहा जाता है।

‘NO’ का जवाब देना पड़ सकता है भारी

- विज्ञापन -

साइबर अपराधियों की ओर से भेजे गए मैसेज में दावा किया जाता है कि खाते से 50 हजार रुपये या कोई दूसरी रकम डेबिट हुई है। अगर व्यक्ति जवाब नहीं देता तो जालसाज दूसरा मैसेज भेजकर पूछते हैं कि क्या उसने यह ट्रांजेक्शन किया है। इसके साथ ‘No’ जवाब देने के लिए कहा जाता है।

दी गई जानकारी के मुताबिक, ऐसे मैसेज पर प्रतिक्रिया देने के बाद मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और बैंकिंग धोखाधड़ी का खतरा हो सकता है। इसलिए किसी संदिग्ध WhatsApp मैसेज का जवाब नहीं देना चाहिए।

CA से ठगे गए 1.70 लाख रुपये

रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर जालसाजों ने इसी तरीके से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को निशाना बनाया। CA ने WhatsApp पर आए संदिग्ध मैसेज के जवाब में ‘No’ लिख दिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से करीब 1.70 लाख रुपये निकाल लिए गए।

मामले की जानकारी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की अपर पुलिस उपायुक्त किरण यादव ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और संदिग्ध बैंकिंग मैसेज का जवाब नहीं देने को कहा।

APK और OTP के बाद नया तरीका

अब तक साइबर अपराधियों की ओर से APK फाइल का लिंक भेजने, फर्जी लिंक पर क्लिक कराने या OTP हासिल करने जैसे तरीकों से ठगी की जाती रही है। अब बैंकिंग ट्रांजेक्शन का डर दिखाकर WhatsApp पर ‘YES/NO’ का जवाब मांगना भी ठगी का एक तरीका बताया जा रहा है।

साइबर फ्रॉड से बचने के लिए क्या करें?

अनजान नंबर से आए बैंकिंग अलर्ट पर तुरंत भरोसा न करें। खाते में वास्तव में कोई ट्रांजेक्शन हुआ है या नहीं, इसकी जांच बैंक के आधिकारिक ऐप या वेबसाइट से करें।

WhatsApp पर आए संदिग्ध YES/NO मैसेज का जवाब न दें। किसी अनजान लिंक, APK फाइल या अटैचमेंट को खोलने या डाउनलोड करने से बचें। OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV या अन्य बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

अगर मोबाइल में कोई संदिग्ध ऐप या फाइल इंस्टॉल हो गई है तो सावधानी बरतें। साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

- विज्ञापन -
Exit mobile version