- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Aligarh AMU Student Union Election: नौमान अशरफ बने छात्रसंघ अध्यक्ष, नशरा नईम पहली...

AMU Student Union Election: नौमान अशरफ बने छात्रसंघ अध्यक्ष, नशरा नईम पहली महिला उपाध्यक्ष चुनी गईं

- विज्ञापन -

AMU Student Union Election: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। 5 नवंबर को हुए चुनाव के बाद देर रात मतगणना पूरी हुई और विश्वविद्यालय को नई छात्रसंघ यूनियन मिल गई। नौमान अशरफ ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि नशरा नईम उपाध्यक्ष और मोहम्मद हमदान सचिव चुने गए। इस चुनाव में नशरा नईम ने इतिहास रच दिया। वह एएमयू छात्रसंघ की पहली महिला उपाध्यक्ष बनी हैं।

चुनाव में छात्रों ने बढ़-चढ़कर किया मतदान

एएमयू में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्र कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुके थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव कराने का फैसला लिया। 5 नवंबर को हुए मतदान के दौरान छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।

आंकड़ों के मुताबिक, शाम पांच बजे तक कैंपस में 74.65 प्रतिशत और विमेंस कॉलेज में 62.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना के लिए एबीके गर्ल्स यूनियन स्कूल को केंद्र बनाया गया था। चुनाव के दौरान बाब-ए-सैयद गेट, पुरानी चुंगी और सर्किल समेत विभिन्न स्थानों पर पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात रहे। विश्वविद्यालय के अन्य गेटों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया था।

नौमान अशरफ, नशरा नईम और हमदान ने दर्ज की जीत

देर रात मतगणना पूरी होने के बाद छात्रसंघ के प्रमुख पदों के नतीजे घोषित किए गए। नौमान अशरफ अध्यक्ष चुने गए, जबकि नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। मोहम्मद हमदान सचिव बने।

नशरा नईम की जीत को इस चुनाव का खास परिणाम माना जा रहा है, क्योंकि वह विश्वविद्यालय छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष चुनी गई हैं। छात्रसंघ की वापसी से परिसर में छात्रों के बीच उत्साह देखने को मिला।

विमेंस कॉलेज यूनियन में इन प्रत्याशियों की जीत

एएमयू के विमेंस कॉलेज यूनियन चुनाव में अध्यक्ष पद पर अनम रियाज ने जीत दर्ज की। आयशा खान उपाध्यक्ष और मरियम जान सचिव चुनी गईं। नतीजों के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल रहा।

कोर्ट मेंबर के लिए ये प्रत्याशी जीते

छात्रसंघ चुनाव में कोर्ट मेंबर के पदों पर भी कई प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। विजेताओं में राफे (लाइफ साइंस), हमजा अंसारी (लॉ), अहसुन अंसारी (मैनेजमेंट स्टडीज), अमीना फैजा (यूनानी मेडिसिन), मोहम्मद कैफ (मेडिसिन), इल्मा मशरूफ (कॉमर्स), शहंशाह खान (साइंस), मोहताशीम (एग्रीकल्चर साइंस), कफील उल हक (आर्ट्स) और कुमैल अशरफ (इंजीनियरिंग) शामिल हैं।

जनसंपर्क अधिकारी ने क्या कहा?

एएमयू के जनसंपर्क अधिकारी उमर सलीम पीरजादा ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। उनके मुताबिक, छात्रों ने चुनाव प्रचार से लेकर मतदान और मतगणना तक पूरी प्रक्रिया में उत्साह और जिम्मेदारी के साथ भाग लिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ को बधाई दी है।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version