- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Uttar Pradesh: बहराइच में एक मासूम को मगरमच्छ ने बनाया शिकार ,खेत...

Uttar Pradesh: बहराइच में एक मासूम को मगरमच्छ ने बनाया शिकार ,खेत से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

Uttar Pradesh के बहराइच जिले में मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बौंडी थाना क्षेत्र की है, जहां खेत में धान की रोपाई करने के बाद घर लौट रहे बालक पर घाघरा नदी में अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मगरमच्छ ने सिर जबड़े में दबोच लिया

- विज्ञापन -

जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय सुनील अपने चाचा विजयराज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई कर लौट रहा था। शाम के समय वह घाघरा नदी में हाथ-पैर धोने के लिए उतरा, तभी नदी में मौजूद मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने बच्चे के सिर को अपने जबड़े में दबोच लिया। सुनील ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह मगरमच्छ की पकड़ से नहीं निकल सका।

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बच सकी जान

बच्चे की चीख सुनकर उसके चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोगों ने मगरमच्छ पर ईंट-पत्थर भी फेंके, लेकिन उसने बच्चे को नहीं छोड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मगरमच्छ ने बच्चे को कई बार पानी में पटका और फिर गहरे पानी में खींच ले गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पांच घंटे बाद मिला शव

घटना के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। तेज बहाव के कारण काफी देर तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। करीब पांच घंटे की तलाश के बाद रात लगभग 10 बजे घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर नदी में बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मगरमच्छ ने बच्चे के शरीर के निचले हिस्से को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उपजिलाधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, वन विभाग ने क्षेत्र में लोगों को नदी के किनारे सतर्क रहने की सलाह दी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version