Ganga Nishad पर Gorakhpur के गुलरिहा थाना क्षेत्र में जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। इस घटना में पूर्व मंत्री के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है।
नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में नाली का पानी बहाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि पानी पूर्व मंत्री गंगा निषाद के मकान की नींव में जा रहा था, जिसको लेकर उनके सगे भाई श्रीभागवत निषाद और उनके बेटों अजय व विजय निषाद से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। वायरल वीडियो में पूर्व मंत्री गंगा निषाद भी हाथ में लाठी लिए नजर आ रहे हैं।
सिर में गंभीर चोट, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
मारपीट के दौरान गंगा निषाद के सिर में बाईं आंख के ऊपर गंभीर चोट लगी, जिससे काफी खून बहने लगा। परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और फिलहाल उन्हें घर भेज दिया गया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है।
परिवार ने लगाया हमला करने का आरोप
पूर्व मंत्री के पोते आकाश निषाद ने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से ईंट-पत्थर फेंके गए, जिसके बाद परिवार ने बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान एक ईंट गंगा निषाद के सिर पर लगी।
वहीं गंगा निषाद का कहना है कि उन्होंने अपने छोटे भाई को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उसके बेटों ने मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
Uttar Pradesh Police के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
