Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर गांव में जमीन की पैमाइश से नाराज एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। करीब सात घंटे तक प्रशासन और पुलिस उसे नीचे उतारने की कोशिश करती रही, लेकिन आखिर में युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह टॉवर से नीचे गिर पड़ा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
कई सालों से चल रहा था जमीन विवाद
जानकारी के मुताबिक, गांव के राजाराम यादव का अपने पड़ोसियों महावीर यादव, अर्जुन यादव और अन्य लोगों से करीब 10 साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। राजाराम की शिकायत पर साल 2016 में जमीन की पैमाइश कराई गई थी और 2019 में पत्थरगड्डी भी हुई थी। लेकिन राजाराम इस नापी से संतुष्ट नहीं थे। इसी बीच पड़ोसी के घर तक सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ। राजाराम का आरोप था कि गलत पैमाइश की वजह से रास्ता गलत जगह से बनाया जा रहा है। उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
टॉवर पर चढ़ गया युवक
गुरुवार सुबह करीब सात बजे राजाराम यादव का बड़ा बेटा 30 वर्षीय श्रीप्रकाश यादव नाराज होकर गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार के साथ एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम भी वहां पहुंची।
फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। अधिकारी लगातार युवक को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह दोबारा जमीन की नाप कराने की मांग पर अड़ा रहा।
दोबारा नाप शुरू हुई, फिर भी नहीं उतरा
आखिरकार प्रशासन ने मौके पर ही दोबारा पैमाइश कराने का फैसला लिया। तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन की नाप भी शुरू कर दी गई। इसके बावजूद श्रीप्रकाश टॉवर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इस दौरान करीब सात घंटे बीत गए।दोपहर करीब दो बजे अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। पुलिस तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने लगाया गंभीर आरोप
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि नायब तहसीलदार युवक को धमका रहे थे कि नीचे उतरने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा। गांव के रहने वाले उमेश यादव ने दावा किया कि चेतावनी के कुछ देर बाद ही श्रीप्रकाश का हाथ फिसल गया और वह नीचे गिर गया।
डीएम ने दिए जांच के आदेश
जौनपुर के डीएम सैमुअल पॉल एन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व की अगुवाई में एक कमेटी बनाई गई है, जो तीन दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
