Uttar Pradesh News: कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र के बेहटा रामपुर गांव स्थित कंपोजिट स्कूल से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कक्षा 5 में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा निधि ने शिक्षिका की डांट से आहत होकर घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, निधि अपने परिवार के साथ निवारी गांव में रहती थी। उसके पिता अजय बाथम दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं। निधि अपनी छोटी बहन नेहा के साथ स्कूल जाती थी, जो कक्षा 3 में पढ़ती है।
डांट के बाद टूटी मासूम की हिम्मत
शनिवार सुबह दोनों बहनें स्कूल पहुंचीं। आरोप है कि एक शिक्षिका ने उन्हें गंदे कपड़े पहनकर आने और साफ-सफाई न रखने को लेकर कड़ी फटकार लगाई। इतना ही नहीं, निधि को कक्षा से बाहर भी निकाल दिया गया।
छोटी बहन के अनुसार, निधि इस बात से बेहद आहत हो गई थी और लगातार रो रही थी। उसने शिक्षक से बहन को अंदर बुलाने की गुहार भी लगाई, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया। यह अपमान निधि सहन नहीं कर पाई।
घर पहुंचकर उठाया खौफनाक कदम
स्कूल से रोते हुए घर पहुंचने के बाद निधि बिना कुछ कहे अंदर चली गई। कुछ ही देर में उसने कमरे में स्टूल पर चढ़कर साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली। छोटी बहन ने जब यह देखा तो चीख पड़ी और मां को सूचना दी।
परिजनों का हंगामा, पुलिस मौके पर पहुंची
घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण शव को लेकर स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
चार शिक्षकों पर मामला दर्ज
पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर चार शिक्षकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है। एक छोटी सी डांट ने मासूम की जिंदगी छीन ली, जिससे हर कोई स्तब्ध है।
