- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Kanwar Yatra Accident: शाहजहांपुर में ट्रक ने कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर को...

Kanwar Yatra Accident: शाहजहांपुर में ट्रक ने कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, 2 की हुई मौत

Kanwar Yatra Accident: शाहजहांपुर के नवादा रोड पर मानपुर गांव के पास शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बड़ा हादसा हुआ। बरेली के जैतीपुर क्षेत्र के बबियाना गांव से करीब 15 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से छोटी गंगा बेला डांडी से गंगाजल लेने गए थे। जल लेकर लौटते समय पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।

- विज्ञापन -

हादसे में ट्रैक्टर पर सवार सभी 15 कांवड़िए घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

गुड्डू और अमन की गई जान

मृतकों की पहचान बबियाना गांव निवासी 25 वर्षीय गुड्डू और 22 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। गुड्डू मजदूरी करता था और उसकी पत्नी पांच महीने की गर्भवती है। वहीं अमन खेती का काम करता था। दोनों परिवारों में हादसे की खबर के बाद मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

बरेली में भी हादसा, हाईवे जाम

बरेली के फतेहगंज पूर्वी में भी शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कांवड़ियों के जत्थे को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िया घायल हो गया और तीन कांवड़ सड़क पर गिर गईं। इससे नाराज कांवड़ियों ने कांवड़ सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को समझाया। करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।

- विज्ञापन -
Exit mobile version