Uttar Pradesh को सोमवार को एक और आधुनिक एक्सप्रेसवे की सौगात मिलने जा रही है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (एई-6) का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। एक्सप्रेसवे को मंगलवार सुबह 8 बजे से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
35 से 45 मिनट में पूरा होगा सफर
एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद लखनऊ और कानपुर के बीच ढाई से तीन घंटे का सफर घटकर महज 35 से 45 मिनट रह जाएगा। इस एक्सप्रेसवे पर कार और अन्य हल्के चार पहिया वाहनों की अधिकतम गति 120 किमी प्रति घंटा, जबकि भारी वाहनों के लिए 80 किमी प्रति घंटा तय की गई है।
टोल देना होगा, बाइक और ऑटो पर रोक
इस एक्सप्रेसवे पर मंगलवार से टोल टैक्स भी लागू हो जाएगा। कार, जीप और एसयूवी के लिए एक तरफ का टोल 275 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि पुराने हाईवे पर यह 95 रुपये है। एक्सप्रेसवे पर दोपहिया और तीनपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल चार पहिया और भारी वाहन ही इसका उपयोग कर सकेंगे।
बैरियर फ्री टोल सिस्टम की सुविधा
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का पहला बैरियर-फ्री टोल एक्सप्रेसवे होगा। यहां ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) और फास्टैग तकनीक के जरिए बिना रुके टोल कट जाएगा। यदि किसी वाहन पर फास्टैग नहीं होगा तो वाहन मालिक को नोटिस भेजकर टोल और जुर्माना वसूला जाएगा।
छह इंटरचेंज से मिलेगी एंट्री
एक्सप्रेसवे पर कुल छह इंटरचेंज बनाए गए हैं। लखनऊ में दरोगाखेड़ा, बनी और हरौनी, उन्नाव में अजगैन और अमरसास, जबकि कानपुर में आजाद चौक से प्रवेश और निकासी की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से अयोध्या रोड तक 8.2 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का लाभ भी यात्रियों को मिलेगा।
