Lucknow Student Suicide: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीबीडी इलाके में BTech के छात्र आदर्श मिश्रा की मौत का मामला सामने आया है। आदर्श मूलरूप से संतकबीरनगर के मेहरौवा के रहने वाले थे और लखनऊ के एक निजी कॉलेज से BTech की पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के लिए वह किराये का कमरा लेकर रहते थे।
मंगलवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
सुसाइड नोट में पढ़ाई को लेकर लिखी बात
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में आदर्श ने लिखा कि वह अपने माता-पिता को परेशान नहीं करना चाहते थे। नोट में यह भी उल्लेख है कि वह BCom करना चाहते थे, लेकिन उनका दाखिला BTech में कराया गया था।
पुलिस को आशंका है कि पढ़ाई को लेकर आदर्श की घरवालों से कोई बातचीत या तनाव हुआ होगा। हालांकि, परिजनों ने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की पुष्टि कर रही है।
दो दिन पहले ही लौटे थे लखनऊ
परिजनों के मुताबिक आदर्श दो दिन पहले ही लखनऊ लौटे थे। उनके पिता प्रदीप मिश्रा बिजली विभाग में लाइनमैन हैं। आदर्श तीन बहनों के इकलौते भाई थे। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को आदर्श की फोन पर घरवालों से बातचीत भी हुई थी। बाद में दोस्तों और पुलिस के माध्यम से परिवार को उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी मिली। परिजन लखनऊ पहुंचे और अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल और लैपटॉप की जांच
पुलिस ने छात्र के कमरे से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया है। दोनों उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से पहले आदर्श किन लोगों के संपर्क में थे और उनकी मानसिक स्थिति या परिस्थितियों के बारे में जानकारी मिल सके।
इंस्पेक्टर राम सिंह के अनुसार, आदर्श रविवार को घर से लखनऊ लौटे थे। इससे पहले शनिवार को घर में रुद्राभिषेक कार्यक्रम था, जिसमें वह शामिल हुए थे। पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल, लैपटॉप और परिचितों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
