- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Lucknow Lucknow Accident: मां की साड़ी से बने झूले में फंसा 14 वर्षीय...

Lucknow Accident: मां की साड़ी से बने झूले में फंसा 14 वर्षीय किशोर, इलाज के दौरान हुई मौत

Lucknow Accident; लखनऊ के शहीद पथ स्थित विजय नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 14 वर्षीय किशोर की मौत उस समय हो गई, जब वह घर में मां की साड़ी से बनाए गए झूले पर झूल रहा था। खेल-खेल में हुआ यह हादसा कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां छीन ले गया।

गले में फंस गई साड़ी

- विज्ञापन -

जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बलिया जिले के पांडेयपुर निवासी संतोष कुमार गुप्ता का परिवार विजय नगर में रहता है। संतोष कुमार सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश के खंडवा में सीआईएसएफ प्रशिक्षण से जुड़े हुए हैं।

रविवार शाम उनका 14 वर्षीय बेटा अनुज घर के अंदर मां की साड़ी का झूला बनाकर झूल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका गला साड़ी में फंस गया और कसने लगा। कुछ समय बाद जब उसकी मां वहां पहुंचीं तो उन्होंने बेटे को गंभीर हालत में देखा।

अस्पताल में तोड़ा दम

परिजन तत्काल अनुज को अयोध्या रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गला कसने के कारण दम घुटने से उसकी मौत हुई है।

पुलिस को नहीं मिली शिकायत

घटना के संबंध में अभी तक परिवार की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। गोमती नगर विस्तार थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश हुए हादसे का प्रतीत होता है।

परिवार में पसरा मातम

अनुज की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को लेकर अपने पैतृक गांव बलिया रवाना हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version