Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पचैंडा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पचैंडा कलां प्रथम की कक्षा चार की 12 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय की शिक्षिका पर छात्रा की पिटाई करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
10 रुपये चोरी करने का आरोप
परिजनों के अनुसार छात्रा पर कक्षा के एक सहपाठी के बैग से 10 रुपये लेने का आरोप लगा था। शिकायत मिलने पर शिक्षिका ने कथित तौर पर उसकी पिटाई की। परिवार का आरोप है कि इस घटना से आहत होकर छात्रा ने घर पहुंचने के बाद आत्महत्या कर ली। मामले में देर शाम थाने पर तहरीर दी गई है।
बीएसए ने गठित की जांच समिति
घटना के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संदीप कुमार ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। बुढ़ाना और सदर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि घटना के समय विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अलका चौधरी अवकाश पर थीं और स्कूल में अन्य शिक्षक मौजूद थे।
पहले भी की गई थी शिकायत
बीएसए के अनुसार परिजनों ने कुछ समय पहले विद्यालय में यह शिकायत भी की थी कि छात्रा घर से पैसे ले आती थी। फिलहाल समिति सभी तथ्यों की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने शिक्षिका द्वारा पिटाई का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
