Sawan Second Monday: सावन महीने के दूसरे सोमवार को उत्तर प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। ब्रह्म मुहूर्त से ही शिवालयों के बाहर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। भक्त ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे।
प्रयागराज में दशाश्वमेध और ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़
प्रयागराज के ऐतिहासिक दशाश्वमेध और ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने गंगा जल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी सोम जी शास्त्री के अनुसार, धार्मिक मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना से पहले यहां अश्वमेध यज्ञ किया था और ब्रह्मेश्वर महादेव की स्थापना की थी। यहां दशाश्वमेध महादेव और ब्रह्मेश्वर महादेव के दो शिवलिंग हैं।
गोंडा और कासगंज में भी कांवड़ियों की भारी भीड़
गोंडा के ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर शिवलिंग पर जल चढ़ाया। वहीं कासगंज के कछला घाट और सोरों जी लहर गंगा घाट पर बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगा जल लेने पहुंचे।
कई कांवड़िए कछला घाट से जल लेकर फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित प्रसिद्ध बटेश्वर धाम के लिए पैदल रवाना हुए।
सीतापुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सीतापुर के बाबा श्यामनाथ मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगीं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई। प्रमुख मार्गों पर चेकपॉइंट बनाए गए और श्रद्धालुओं को गहरे पानी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस और पीएसी की अतिरिक्त तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की।
