- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Kisan Adhikar Yatra: खराब मौसम के चलते UP कांग्रेस की किसान अधिकार...

Kisan Adhikar Yatra: खराब मौसम के चलते UP कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा स्थगित, नई तारीख आने का इंतजार

Kisan Adhikar Yatra: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से 7 सितंबर से प्रस्तावित किसान अधिकार यात्रा को खराब मौसम के चलते फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यात्रा की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से होनी थी। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने किसानों, पार्टी पदाधिकारियों और युवाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा को आगे बढ़ाने के बजाय रोकने का फैसला किया।

दिल्ली में हुई अहम बैठक

- विज्ञापन -

यात्रा स्थगित करने का निर्णय उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया। शनिवार देर शाम हुई इस बैठक में खराब मौसम और यात्रा के दौरान संभावित सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा की गई।

नेतृत्व की ओर से माना गया कि लगातार झमाझम बारिश के बीच लंबी यात्रा आयोजित करने से इसमें शामिल लोगों को परेशानी और जोखिम का सामना करना पड़ सकता है। इसी वजह से फिलहाल कार्यक्रम को टाल दिया गया है।

पदाधिकारियों को जारी किया गया पत्र

अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला की ओर से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों के साथ सभी फ्रंटल संगठनों को पत्र जारी किया गया है। इसमें यात्रा को जल्द शुरू करने के लिए नई रणनीति और कार्यक्रम तैयार करने की बात कही गई है।

इससे संकेत है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद कांग्रेस यात्रा के लिए नई तारीख तय कर सकती है। हालांकि, नई तारीख को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

150 किलोमीटर की होनी थी यात्रा

किसान अधिकार यात्रा का आगाज मीरापुर से होकर शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ होते हुए गौतमबुद्ध नगर के जेवर में होना था। करीब 150 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रदेश और जिला कांग्रेस के 1,500 से अधिक कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।

अब यात्रा स्थगित होने के बाद पार्टी संगठन को नए कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करनी होगी। कांग्रेस की ओर से नई तारीख और संशोधित कार्यक्रम की घोषणा बाद में की जा सकती है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version