- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh Weather Update: यूपी में आया मानसून, कई ज़िलों में भारी बारिश का...

Weather Update: यूपी में आया मानसून, कई ज़िलों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 5 दिन तापमान में गिरावट के आसार

उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि राजधानी लखनऊ में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मानसून की सक्रियता बढ़ने से प्रदेशभर में लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

- विज्ञापन -

मौसम विभाग ने गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं लखनऊ में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब का असर

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब अवदाब में बदल गया है। इसके प्रभाव से दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बुधवार से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। 12 जुलाई तक पूर्वांचल और तराई के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मानसून का असर धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा।

तापमान में आएगी बड़ी गिरावट

बारिश और तेज हवाओं के चलते अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। लखनऊ में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया और यह 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि रात का तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के लगभग 30 जिलों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है।

बूंदाबांदी से मिली राहत

मंगलवार को लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बादलों की आवाजाही रही और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि 10 जुलाई तक राजधानी में छिटपुट बूंदाबांदी जारी रह सकती है, जबकि इसके बाद अच्छी बारिश होने के संकेत हैं। मंगलवार को पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी तराई तक कई जिलों में हुई बारिश से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

- विज्ञापन -
Exit mobile version