- विज्ञापन -
Home Uttar Pradesh UP Weather: यूपी में बारिश का दौर जारी, अगले 3 दिन भारी...

UP Weather: यूपी में बारिश का दौर जारी, अगले 3 दिन भारी बारिश के साथ तापमान में गिरावट

UP Weather: मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। अगले 48 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की भी संभावना है।

40 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट

- विज्ञापन -

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, रायबरेली और अमेठी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और महोबा समेत कई जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।

गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा

कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, लखनऊ, अयोध्या, रायबरेली, बरेली, पीलीभीत, झांसी समेत कई इलाकों में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन सकती है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अगले तीन दिन तापमान में गिरावट

बारिश के असर से प्रदेश में तापमान भी नीचे जा सकता है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है।

पूर्वी यूपी में अब भी बारिश की कमी

मौसम आंकड़ों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब तक 625.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 13 फीसदी कम है। पश्चिमी यूपी में 547.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब 3 फीसदी अधिक है। पूरे प्रदेश में अब तक 593.1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो मौसमी औसत से करीब 7 फीसदी कम है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version