Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। प्रदेश में आज से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कई जिलों में तेज धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिन के समय भले ही गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों को परेशान करें, लेकिन शाम होते-होते मौसम करवट लेगा और कई स्थानों पर बादल गरजने के साथ बारिश होगी। इस दौरान बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी चल सकती है। हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि कुछ इलाकों में यह रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। इसके अलावा कुछ जिलों में ओले गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
नोएडा-गाजियाबाद समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और औरैया में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं आगरा में दिन के समय भीषण गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा, लेकिन शाम के बाद मौसम बदल सकता है। जालौन, झांसी, महोबा और हमीरपुर में भी दिन में लू और शाम तक आंधी व ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में शाम से बदलेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में आज दिनभर तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा। हालांकि शाम होते-होते आसमान में बादल छाने लगेंगे और रात तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।इसके अलावा सीतापुर, गोरखपुर, अयोध्या, मऊ, बलिया, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, कन्नौज, कानपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर और देवरिया समेत कई जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में आएगी बड़ी गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश और तेज हवाओं की वजह से प्रदेश के तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम में आया यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों का असर माना जा रहा है। इससे लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।
