Sawan 2026: सावन और आगामी त्योहारों के दौरान वाराणसी में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत नो एंट्री के समय शहर में ट्रक, डंपर, ट्रेलर समेत सभी भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को हाईवे और रिंग रोड पर ही रोका जाएगा। यदि कोई वाहन कॉलोनियों या वैकल्पिक मार्गों से शहर में प्रवेश करता पाया गया तो उसे सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
केवल विशेष अनुमति वाले वाहनों को मिलेगी छूट
प्रशासन के अनुसार, सिर्फ उन्हीं बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति होगी, जिनके पास विशेष परमिट होगा। ऐसे वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच शहर में प्रवेश करना होगा और नो एंट्री लागू होने से पहले बाहर निकलना अनिवार्य रहेगा। वाहन खराब होने की स्थिति में तत्काल उसे हटाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीसीपी ट्रैफिक ने सभी यातायात निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों को सख्ती से निगरानी और कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
वाराणसी जंक्शन पर भी विशेष तैयारियां
30 जुलाई से 28 अगस्त तक सावन के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए वाराणसी जंक्शन भी अलर्ट मोड पर रहेगा। रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त ट्रेन रैक तैयार रखने, सफाई, पेयजल, खानपान और होल्डिंग एरिया की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
स्टेशन परिसर को बेसहारा पशुओं से मुक्त रखने, अग्निशमन उपकरणों की जांच और सभी फूड स्टॉल पर केवल शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 1.5 लाख यात्रियों की आवाजाही का अनुमान है। यात्रियों की सुविधा के लिए एसबीआई की ओर से पांच व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष फोकस
प्रशासन का कहना है कि सावन में कांवड़ियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक और रेलवे दोनों स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। बाहरी जिलों से आने वाले भारी वाहनों को पहले ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाएगी, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
