Uttar Pradesh की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हजरतगंज स्थित बहुमंजिला सरकारी इमारत जवाहर भवन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग भवन की चौथी मंजिल पर स्थित एक सरकारी कार्यालय में लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
एक घंटे में आग पर पाया गया काबू
अग्निशमन विभाग के अनुसार सुबह 9:53 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद हजरतगंज सहित जिले के अन्य फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियों को तत्काल रवाना किया गया। कुल 15 दमकल वाहनों की मदद से करीब एक घंटे के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग भवन के पिछले हिस्से में स्थित कार्यालय तक ही सीमित रही और समय रहते फैलने से रोक लिया गया।
सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
आग की सूचना मिलते ही इमारत में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को एहतियातन सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन ने आसपास के सरकारी भवनों को भी कुछ समय के लिए खाली करा दिया ताकि किसी तरह का खतरा न रहे। जवाहर भवन में उत्तर प्रदेश सरकार के कई विभागों के निदेशालय और कार्यालय संचालित होते हैं, इसलिए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।
जांच के बाद सामने आएगी आग लगने की वजह
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी. ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
