- विज्ञापन -
Home Auto EV की दुनिया में नई क्रांति,सिर्फ धूप में खड़ा करें और चलाएं,...

EV की दुनिया में नई क्रांति,सिर्फ धूप में खड़ा करें और चलाएं, जानिए क्या भारत में भी होगा लॉन्च सोलर इलेक्ट्रिक स्कूटर?

Auto News: अगर आप बार-बार पेट्रोल भरवाने या इलेक्ट्रिक स्कूटर को चार्ज करने की झंझट से परेशान हैं, तो आपके लिए एक दिलचस्प खबर है। कैलिफोर्निया की कंपनी Otherlab ने अपना नया Lightfoot Solar Scooter लॉन्च किया है। यह स्कूटर अपनी बॉडी पर लगे सोलर पैनल की मदद से धूप से भी चार्ज हो सकता है। फिलहाल इसे अमेरिका में लॉन्च किया गया है और इसकी भारतीय लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बॉडी पर लगे हैं सोलर पैनल

- विज्ञापन -

Lightfoot स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसके दोनों तरफ लगे 120-120 वॉट के दो सोलर पैनल हैं। कंपनी का दावा है कि अच्छी धूप मिलने पर यह सिस्टम रोजाना करीब 30 किलोमीटर तक अतिरिक्त रेंज देने में मदद कर सकता है। वहीं, सिर्फ एक घंटे की तेज धूप से लगभग 5 किलोमीटर तक की ड्राइविंग रेंज मिल सकती है। हालांकि यह पूरी तरह सोलर पर नहीं चलता, लेकिन नियमित रूप से धूप में पार्क करने से चार्जिंग की जरूरत काफी कम हो सकती है।

एक चार्ज में 60KM तक की रेंज

इस स्कूटर में लिथियम-आयन बैटरी दी गई है, जो एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 60 किलोमीटर तक चल सकती है। चार्जर से इसे लगभग 90 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। इसके साथ रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम भी मिलता है, जो ब्रेक लगाने के दौरान बैटरी को थोड़ा-बहुत चार्ज करने में मदद करता है।

बड़ा स्टोरेज और स्मार्ट फीचर्स

Lightfoot में 45.2 लीटर का लॉक होने वाला स्टोरेज दिया गया है, जिसमें करीब 20 किलोग्राम तक का सामान रखा जा सकता है। किराने का सामान, हेलमेट या ऑफिस बैग जैसी चीजें इसमें आसानी से फिट हो जाती हैं। इसके अलावा 2.8 इंच का वॉटरप्रूफ टचस्क्रीन डिस्प्ले भी मिलता है, जिसमें स्पीड, बैटरी और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई देती है।

सेफ्टी और परफॉर्मेंस का भी रखा गया ध्यान

स्कूटर में दोनों पहियों पर 750-750 वॉट के ब्रशलेस हब मोटर दिए गए हैं, जिससे इसकी अधिकतम स्पीड 32 किमी/घंटा तक पहुंचती है। इसमें हाइड्रोलिक डिस्क ब्रेक, 10 इंच के पहिए, फ्रंट-रियर सस्पेंशन, 2,000 लुमेन की एलईडी हेडलाइट, 120 डेसिबल हॉर्न और इलेक्ट्रॉनिक व्हील लॉक जैसे फीचर्स भी शामिल हैं।

कीमत कितनी है?

Lightfoot Solar Scooter की शुरुआती कीमत 4,995 डॉलर (करीब 4.75 लाख रुपये) रखी गई है। फिलहाल यह अमेरिकी बाजार में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध है। भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी तक कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन यह स्कूटर भविष्य की ग्रीन मोबिलिटी की एक नई झलक जरूर दिखाता है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version