- विज्ञापन -
Home भारत National Bihar News: बगहा रेलवे स्टेशन के मोबाइल टावर पर चढ़ कर युवती...

Bihar News: बगहा रेलवे स्टेशन के मोबाइल टावर पर चढ़ कर युवती ने किया फुल फ़िल्मी ड्रामा,पति पर मारपीट का लगाया आरोप

Bagaha Mobile Tower Incident: बिहार के बगहा जिले में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक 25 वर्षीय युवती रेलवे स्टेशन परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती का आरोप है कि उसके कथित पति ने शादी से इनकार कर दिया, उसके साथ मारपीट की और दूसरी महिला से संबंध बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

मंदिर में शादी का दावा

- विज्ञापन -

पुलिस के अनुसार युवती उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के घुघली क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बताया कि उसकी मुलाकात बगहा-दो प्रखंड के मंगलपुर औसानी पंचायत निवासी विकास साहनी से उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी के दौरान हुई थी।

युवती का दावा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और वर्ष 2025 में मंदिर में विवाह किया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे।

बगहा पहुंचने पर लगाए गंभीर आरोप

युवती के मुताबिक, कुछ समय बाद विकास अपने घर बगहा लौट आया और उससे बातचीत बंद कर दी। वह गुरुवार को बगहा पहुंची तो कथित पति ने उसके साथ मारपीट की, दुर्व्यवहार किया और घर से निकाल दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि विकास का किसी दूसरी महिला से संबंध है, जिसके कारण वह उसे पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं कर रहा।

टावर पर चढ़ने से मचा हड़कंप

इंसाफ नहीं मिलने और मानसिक तनाव से परेशान होकर युवती शुक्रवार सुबह बगहा-दो रेलवे स्टेशन परिसर में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना पर पटखौली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने पुलिस टीम के साथ काफी देर तक युवती को समझाया। धैर्य और सूझबूझ से की गई बातचीत के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस युवती को थाने ले गई, जहां उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया गया है। सभी तथ्यों, बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती सुरक्षित है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version