Haryana Goverment Projects: हरियाणा सरकार अब सरकारी निर्माण कार्यों को ज्यादा पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि जनता के पैसे से बनने वाली सड़कें, पुल, सरकारी भवन और अन्य विकास परियोजनाएं सही गुणवत्ता और तय मानकों के अनुसार पूरी हों।
सरकार अब हर स्तर पर तकनीक का इस्तेमाल करके काम की निगरानी करेगी, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी को समय रहते पकड़ा जा सके और सुधारा जा सके।
QR कोड से खुलेगा पूरा रिकॉर्ड
इस नई व्यवस्था की सबसे खास बात यह है कि हर निर्माण स्थल पर QR कोड लगाया जाएगा। कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल से इस QR को स्कैन करके उस परियोजना की पूरी जानकारी देख सकेगा।
इसमें परियोजना की कुल लागत, काम कब शुरू हुआ, कब तक पूरा होना है, कौन सी एजेंसी काम कर रही है और अभी तक कितना काम हुआ है,यह सब जानकारी आसानी से मिल जाएगी। इससे आम लोगों को सरकारी कामों की वास्तविक स्थिति जानने में मदद मिलेगी और पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
हर चरण पर होगी कड़ी जांच
सरकार सिर्फ काम पूरा कराने पर ही ध्यान नहीं दे रही, बल्कि उसकी गुणवत्ता पर भी पूरा जोर दे रही है। इसके लिए तकनीकी ऑडिट की व्यवस्था शुरू की जा रही है। विशेषज्ञ समय-समय पर परियोजनाओं की जांच करेंगे और अगर कहीं कोई कमी मिलती है तो उसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए जाएंगे।इसके अलावा बड़े प्रोजेक्ट्स में थर्ड पार्टी निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि काम का निष्पक्ष मूल्यांकन हो सके और किसी तरह की पक्षपात की संभावना न रहे।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी नजर
सरकार निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की भी सख्त जांच करेगी। इसके लिए आधुनिक लैब्स बनाई जा रही हैं, जहां सीमेंट, स्टील और अन्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच होगी।
साथ ही इंजीनियरों और अधिकारियों को नई तकनीकों और गुणवत्ता प्रबंधन की ट्रेनिंग भी दी जाएगी, ताकि वे बेहतर तरीके से परियोजनाओं की निगरानी कर सकें।
पारदर्शिता और भरोसा बढ़ाने की कोशिश
गुणवत्ता आश्वासन प्राधिकरण का मानना है कि इस डिजिटल और तकनीकी प्रणाली से हरियाणा में विकास कार्यों की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा। इससे न केवल काम में पारदर्शिता आएगी, बल्कि लोगों का सरकारी योजनाओं पर भरोसा भी मजबूत होगा।नई व्यवस्था से उम्मीद है कि विकास कार्य ज्यादा तेज, साफ-सुथरे और जिम्मेदारी के साथ पूरे होंगे।
