IMD Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए 3 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले कुछ दिनों तक व्यापक वर्षा होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और अतिवृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
इन राज्यों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर आंतरिक ओडिशा और दक्षिण झारखंड-छत्तीसगढ़ से लगे क्षेत्रों में बना गहरा दबाव पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत में मानसून और सक्रिय होगा। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 29 से 31 जुलाई तथा 2 और 3 अगस्त को व्यापक बारिश होने का अनुमान है। हालांकि 1 अगस्त को वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है। विभाग ने 29 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश और 30 जुलाई से 3 अगस्त के बीच कई इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 जुलाई से 3 अगस्त तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, सड़कें बंद होने और जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं का भी अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी 3 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कुछ स्थानों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 30 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में अतिवृष्टि की आशंका भी जताई गई है।
प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह
आईएमडी ने कहा है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
