India Nepal Relations: भारत और नेपाल के रिश्तों में जारी तनाव के बीच नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। यह बैठक काठमांडू स्थित सिंह दरबार में प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के कार्यालय में हुई। मुलाकात के दौरान नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
नेपाल प्रधानमंत्री सचिवालय के सूत्रों के अनुसार, बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी हित से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। इससे पहले इस महीने प्रधानमंत्री कार्की ने भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव के साथ अपनी पहली आमने-सामने की बैठक की थी और भारत के साथ नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया था।
अपने बनाए नियम से हटकर की मुलाकात
प्रधानमंत्री कार्की ने विदेशी राजदूतों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आमने-सामने मुलाकात नहीं करने के अपने बनाए नियम से हटकर जनरल द्विवेदी से मुलाकात की। भारतीय सेना प्रमुख 17 से 19 अगस्त तक नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
यह दौरा नेपाली सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल के निमंत्रण पर हो रहा है। सोमवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने एक समारोह में जनरल द्विवेदी को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान की।
1950 से चली आ रही सैन्य परंपरा
भारत और नेपाल के बीच एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद जनरल की उपाधि देने की परंपरा वर्ष 1950 से चली आ रही है। यह दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों की विशेष पहचान मानी जाती है।
जनरल द्विवेदी ने नेपाली सेना मुख्यालय में जनरल अशोक राज सिग्देल के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी की। भारतीय दूतावास ने कहा कि उनका नेपाल दौरा दोनों देशों के रक्षा संबंधों को और मजबूत करता है, जो साझा मूल्यों, आपसी विश्वास और लंबे समय से चले आ रहे सैन्य सहयोग पर आधारित हैं।
पशुपतिनाथ मंदिर में की पूजा
नेपाल यात्रा के दौरान जनरल द्विवेदी ने मंगलवार को काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। उनका दौरा ऐसे समय हो रहा है जब दोनों देशों के बीच संबंधों को लेकर राजनीतिक स्तर पर कई मुद्दे चर्चा में हैं।
संसद में पीएम शाह देंगे जवाब
नेपाल के प्रधानमंत्री सुशीला कार्की अगले सप्ताह प्रतिनिधि सभा में सांसदों के सवालों का जवाब देंगी। विपक्ष उनसे 31 मई को संसद में दिए गए उन बयानों पर स्पष्टीकरण मांग रहा है, जिनमें उन्होंने कहा था कि नेपाल ने भी भारतीय क्षेत्र पर अतिक्रमण किया है।
