- विज्ञापन -
Home भारत National जिन पर थी हिफाजत की जिम्मेदारी, वही बने गुनहगार, राजस्थान में बच्चियों...

जिन पर थी हिफाजत की जिम्मेदारी, वही बने गुनहगार, राजस्थान में बच्चियों के शोषण का बड़ा खुलासा

Rajisthan News: राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां कुछ परिवारों पर अपनी ही नाबालिग बच्चियों को देह व्यापार के धंधे में धकेलने का आरोप लगा है। पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए छह नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कराया है। इस मामले में परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों समेत पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में पांच बच्चियों के साथ बार-बार यौन शोषण किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। वहीं, दो बालिकाएं यौन संचारित संक्रमण (STD) से पीड़ित पाई गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है।

गोपनीय शिकायत से हुआ मामले का खुलासा

- विज्ञापन -

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मुताबिक, 7 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में एक गोपनीय शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया था कि झालावाड़ के भवानीमंडी थाना क्षेत्र की कुछ बस्तियों में नाबालिग बच्चियों का शोषण किया जा रहा है। आरोप था कि कुछ परिवार अपनी ही बेटियों को इस अवैध धंधे में धकेल रहे थे। ग्राहकों से मिलने वाली रकम परिजन और कथित दलाल आपस में बांटते थे।

स्पाई कैमरे से जुटाए गए सबूत, फिर पुलिस ने मारा छापा

मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस दौरान स्पाई कैमरों की मदद से संदिग्ध गतिविधियों के वीडियो और डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए। जांच के बाद 3 नवंबर 2026 को 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने चिह्नित स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

इस कार्रवाई में छह नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ऑपरेशन में सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया था।

पांच बालिकाओं के यौन शोषण के मिले साक्ष्य

पुलिस के अनुसार, डिकॉय ऑपरेशन के दौरान रिकॉर्ड किए गए वीडियो में कथित तौर पर परिजनों और दलालों की भूमिका सामने आई। जांच में ग्राहकों से पैसे मांगने और कम उम्र की बच्चियों को उनके सामने पेश करने से जुड़े साक्ष्य मिले हैं।

मेडिकल परीक्षण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छह में से पांच बालिकाओं के साथ बार-बार यौन शोषण किए जाने की पुष्टि हुई है। एक अन्य बालिका के मामले में जांच जारी है।

दो बालिकाएं STD से पीड़ित, इलाज शुरू

मेडिकल जांच में दो बालिकाएं यौन संचारित संक्रमण (STD) से पीड़ित पाई गईं। दोनों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार शुरू करा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जरूरी चिकित्सा सहायता और टीकाकरण की व्यवस्था भी की गई है।

पांच आरोपी गिरफ्तार, SIT कर रही जांच

पुलिस ने इस मामले में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

रेस्क्यू की गई सभी बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। समिति के आदेश पर उन्हें बालिका गृह भेज दिया गया है। मामले में पॉक्सो एक्ट और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

- विज्ञापन -
Exit mobile version