Anti Paper Leak Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद से एंटी पेपर लीक बिल पारित होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर इसे देश की परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसी विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें मेहनती छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लग सके।
‘परीक्षा प्रणाली में सुधार समय की जरूरत’
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई दशकों से विभिन्न राज्यों और केंद्र सरकारों को पेपर लीक जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ परीक्षा प्रणाली में सुधार, आधुनिक तकनीक का उपयोग और पारदर्शी व्यवस्था बेहद जरूरी हो गई है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने इस दिशा में टास्क फोर्स का गठन किया, फास्ट ट्रैक व्यवस्था बनाई और राज्यों से मिले सुझावों को भी कानून तैयार करने में शामिल किया।
पेपर माफिया पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पेपर माफिया और संगठित गिरोहों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधों पर लगाम लगाने के लिए कठोर कानूनी प्रावधान जरूरी थे और नया कानून इसी उद्देश्य से लाया गया है।
दोनों सदनों से मिली मंजूरी
पीएम मोदी ने बताया कि संसद के दोनों सदनों में इस विधेयक पर विस्तार से चर्चा हुई और अधिकांश सांसदों के समर्थन से इसे पारित किया गया। उन्होंने कहा कि यह कानून विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन सुधार की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
विकसित भारत के लिए युवाओं से अपील
अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों, विशेषकर युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों को न्याय मिल सके।
