PNG Connection Scheme 2026: सरकार ने घरेलू PNG नेटवर्क के विस्तार के लिए सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों को प्रोत्साहन देने का फैसला किया है। योजना के तहत तय लक्ष्य से अधिक नए और बिल वाले घरेलू PNG कनेक्शन देने वाली योग्य कंपनियों को प्रत्येक अतिरिक्त कनेक्शन पर 200 मानक घन मीटर (SCM) घरेलू प्राकृतिक गैस का अतिरिक्त आवंटन मिलेगा।
यह योजना 1 सितंबर 2026 से लागू होगी और दो चरणों में चलेगी। प्रत्येक चरण छह महीने का होगा। अतिरिक्त गैस अपेक्षाकृत सस्ती घरेलू APM गैस होगी।
कंपनियों की लागत होगी कम
अतिरिक्त सस्ती गैस मिलने से CGD कंपनियों को महंगी LNG की खरीद पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इससे उनकी गैस खरीद लागत घट सकती है और घरेलू PNG नेटवर्क में निवेश करना अधिक आकर्षक होगा।
सरकार का अनुमान है कि इस प्रोत्साहन से घरेलू PNG कनेक्शन पर किए गए निवेश की लागत वसूलने की अवधि करीब 10 साल से घटकर लगभग 3 साल हो सकती है।
1.74 करोड़ से ज्यादा घरेलू PNG कनेक्शन
देश में फिलहाल 1.74 करोड़ से अधिक घरेलू PNG कनेक्शन हैं। LPG सिलेंडर की तुलना में PNG में सिलेंडर बुक कराने और डिलीवरी का इंतजार करने की जरूरत नहीं होती। पाइपलाइन के जरिए गैस घर तक पहुंचती है और मीटर के अनुसार बिल का भुगतान किया जाता है।
LPG से PNG की ओर बढ़ा सरकार का जोर
पश्चिम एशिया संकट के दौरान LPG आपूर्ति को लेकर सामने आई चुनौतियों के बाद PNG नेटवर्क के विस्तार पर सरकार का जोर बढ़ा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मार्च से अब तक 5 लाख से ज्यादा PNG कनेक्शन गैसीफाई किए जा चुके हैं और 5.7 लाख से अधिक लोगों ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।
सरकार PNG Drive 2.0 के जरिए जागरूकता बढ़ाने के साथ हाउसिंग सोसायटियों को भी LPG से PNG में बदलने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
