Parliament Session: राज्यसभा सचिवालय 25 और 26 जुलाई 2026 को नवनिर्वाचित और मनोनीत सदस्यों के लिए दो दिवसीय इंटरैक्टिव ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य नए सांसदों को राज्यसभा की कार्यप्रणाली, संसदीय नियमों और विधायी प्रक्रियाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे।
हरिवंश करेंगे स्वागत, सभापति देंगे मुख्य संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ‘सदस्यों के विज़न और जिम्मेदारियों’ विषय पर मुख्य संबोधन देंगे। हरिवंश नए सांसदों को प्रमुख संसदीय समितियों की भूमिका और उनके कार्यों की भी जानकारी देंगे।
आईटी और एआई पर विशेष कार्यशाला
आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर केंद्रित एक विशेष सत्र में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव नए सांसदों को संबोधित करेंगे। इस कार्यशाला में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), ब्लॉकचेन, डेटा गोपनीयता कानून और भविष्य की विधायी चुनौतियों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा राज्यसभा के वरिष्ठ सदस्य डॉ. जॉन ब्रिटास, घनश्याम तिवारी, सुजीत कुमार और प्रमोद तिवारी भी विभिन्न इंटरैक्टिव सत्रों के माध्यम से संसदीय प्रक्रियाओं और विधायी कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।
सचिवालय की कार्यप्रणाली से भी होंगे परिचित
राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी नए सदस्यों को सचिवालय की संरचना, कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी देंगे। कार्यक्रम के दौरान सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी संसदीय कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन सचिव डॉ. के.एस. सोमशेखर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा।
