- विज्ञापन -
Home Delhi Delhi Metro Alert: CJP के ‘संसद चलो’ मार्च के बीच कई मेट्रो...

Delhi Metro Alert: CJP के ‘संसद चलो’ मार्च के बीच कई मेट्रो स्टेशन बंद, DMRC ने जारी किया अपडेट

Delhi Metro Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 20 जून से जारी CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच सोमवार को प्रस्तावित ‘संसद चलो’ मार्च को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। इसी के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने भी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई मेट्रो स्टेशनों पर अस्थायी प्रतिबंध लागू किए।

इन मेट्रो स्टेशनों को किया गया बंद

- विज्ञापन -

DMRC के अनुसार, सुरक्षा कारणों से जनपथ, पटेल चौक और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक लगा दी गई है। सुबह के व्यस्त समय में यह फैसला लागू होने से ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।

राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट फिर खुले

शुरुआत में राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों को भी बंद किया गया था। हालांकि बाद में DMRC ने नया अपडेट जारी कर बताया कि इन दोनों स्टेशनों पर प्रवेश, निकास और इंटरचेंज सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई है। इसके बाद यहां मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगीं।

यात्रियों को दी गई सलाह

DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक अपडेट जरूर जांच लें। सुरक्षा कारणों से स्थिति के अनुसार मेट्रो संचालन और स्टेशनों की उपलब्धता में बदलाव किया जा सकता है। यात्रियों को वैकल्पिक रूट अपनाने और अतिरिक्त यात्रा समय लेकर निकलने की सलाह भी दी गई है।

पुलिस की निगरानी जारी

दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संसद मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रदर्शन को देखते हुए कई इलाकों में सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

- विज्ञापन -
Exit mobile version