- विज्ञापन -
Home Entertainment Birthday Special: नसीरुद्दीन शाह बेटे विवान शाह ने बचपन की तस्वीर शेयर...

Birthday Special: नसीरुद्दीन शाह बेटे विवान शाह ने बचपन की तस्वीर शेयर कर के ऐसे दी पिता को जन्मदिन की बधाई

Birthday Special: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह आज (20 जुलाई) अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। चार दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने अपनी दमदार अदाकारी और अलग-अलग तरह के किरदारों से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। उनके जन्मदिन के मौके पर परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा उनके बेटे और अभिनेता विवान शाह की भावुक पोस्ट की हो रही है।

बेटे विवान ने शेयर की बचपन की तस्वीर

- विज्ञापन -

विवान शाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बचपन की एक अनदेखी तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपने पिता नसीरुद्दीन शाह के साथ नजर आ रहे हैं। फोटो में नसीरुद्दीन शाह सोफे पर बैठे हैं, जबकि छोटे से विवान उनके पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के साथ विवान ने बेहद सादा लेकिन भावुक कैप्शन लिखा, “Happy Birthday Baba.” उनकी इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

सेलेब्स ने भी दी शुभकामनाएं

विवान की पोस्ट पर फिल्म निर्देशक विशाल भारद्वाज ने कमेंट करते हुए लिखा, “Happy Birthday Naseer Bhai.” वहीं अभिनेता सिकंदर खेर समेत कई कलाकारों और प्रशंसकों ने भी नसीरुद्दीन शाह को जन्मदिन की बधाई दी। सोशल मीडिया पर फैंस भी उनकी फिल्मों और यादगार किरदारों को याद करते हुए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

विवान शाह का करियर

नसीरुद्दीन शाह और अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह के छोटे बेटे विवान शाह ने भी अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। उन्होंने ‘7 खून माफ’, ‘हैप्पी न्यू ईयर’ और ‘बॉम्बे वेलवेट’ जैसी फिल्मों में काम किया है। हाल ही में फिल्म ‘इक्कीस’ में कैप्टन विजेंद्र मल्होत्रा के किरदार में उनके अभिनय को सराहा गया।

नसीरुद्दीन शाह की शानदार विरासत

नसीरुद्दीन शाह भारतीय सिनेमा के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने समानांतर सिनेमा, मुख्यधारा की फिल्मों और थिएटर तीनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई। ‘मासूम’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘ए वेडनेसडे!’ और ‘इकबाल’ जैसी फिल्मों में उनका अभिनय आज भी याद किया जाता है। उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में वह फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में नजर आए थे।

- विज्ञापन -
Exit mobile version