Delhi News: दिल्ली के द्वारका इलाके में रक्षा मंत्रालय में तैनात 30 वर्षीय अधिकारी नाजिया खानम की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 21 अगस्त को नाजिया अपने घर में मृत मिलीं। परिवार के मुताबिक, वह करीब तीन महीने की गर्भवती थीं। खास बात यह है कि नाजिया की शादी इसी साल 11 अप्रैल को अजम अली खान से हुई थी।
नाजिया के परिवार ने उनके पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि नाजिया फोन पर कई बार अपनी परेशानी साझा करती थीं और पति के व्यवहार को लेकर शिकायत भी करती थीं।
परिवार ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
नाजिया के पिता तवाब खान ने पुलिस को दिए बयान और एफआईआर में आरोप लगाया है कि बेटी को ससुराल में लगातार परेशान किया जाता था। परिवार के अनुसार, नाजिया के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें घर से निकालने और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। पिता का कहना है कि नाजिया ने कई बार फोन करके अपनी परेशानी बताई थी। परिवार अब उसकी मौत की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
पति ने पुलिस को क्या बताया?
दूसरी ओर, नाजिया के पति अजम अली खान ने पुलिस को अलग घटनाक्रम बताया है। उनके मुताबिक, घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद नाजिया ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
पति के अनुसार, उसने मकान मालिक को फोन किया। बाद में बाहर निकलने के बाद जब उसने खिड़की से दूसरे कमरे में देखा तो नाजिया पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी हुई दिखाई दीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
नाजिया के पिता और भाई ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने भी अपने बयान दर्ज कराए हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 108 के तहत केस दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस परिवार के आरोपों, पति के बयान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की असली वजह और परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
